मुंबई के नाम एक 'लव लेटर' थी 'शोर इन द सिटी', राज और डीके ने साझा कीं अनकही यादें

मुंबई के नाम एक लव लेटर थी शोर इन द सिटी, राज और डीके ने साझा कीं अनकही यादें
डार्क कॉमेडी-क्राइम फिल्म 'शोर इन द सिटी' ने अपनी रिलीज के 15 साल पूरे कर लिए हैं। फिल्म का लेखन और निर्देशन राज निदिमोरू, कृष्णा डी.के. और सीता मेनन ने किया है।

मुंबई, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। डार्क कॉमेडी-क्राइम फिल्म 'शोर इन द सिटी' ने अपनी रिलीज के 15 साल पूरे कर लिए हैं। फिल्म का लेखन और निर्देशन राज निदिमोरू, कृष्णा डी.के. और सीता मेनन ने किया है।

इस खास मौके पर राज निदिमोरू और कृष्णा डी.के. ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए फिल्म के शुरुआती दिनों की कुछ अनकही यादें शेयर कीं। किए गए पोस्ट में उन्होंने बताया कि कैसे बिना संसाधनों और अनुमति के शुरू हुआ यह सफर उनकी पहचान बन गया। उन्होंने लिखा, "जब हम भारत वापस आए, तो मुंबई शहर ने हमें गहराई से प्रभावित किया। शहर की अफरा-तफरी, अखबारों की कतरनें और यहां का अनूठा जीवन देखकर हमारे मन में इस शहर के प्रति एक 'लव लेटर' लिखने का ख्याल आया। हमारे इस विचार ने ही फिल्म 'शोर इन द सिटी' को जन्म दिया।"

उन्होंने आगे लिखा, "हमने इसे साल के सबसे व्यस्त समय, गणेश चतुर्थी के दौरान शूट किया था। उस समय हमने शुरुआती डिजिटल कैमरों से फिल्म की शूटिंग की, जिसमें तेज रोशनी और ओवरएक्सपोजर जैसी कई दिक्कतें थीं। शुरुआत में हमने खुद ही इसे बनाना शुरू किया बिना अनुमति, बिना सही उपकरण, यहां तक कि बिना ट्राइपॉड के। अपने ही पैसों से काम शुरू किया, बाद में कुछ प्रोड्यूसर्स जुड़े और फिल्म पूरी हो पाई।"

उन्होंने फिल्म के बारे में जानकारी देते हुए लिखा, "यह फिल्म असली और पूरी तरह से स्वतंत्र सोच के साथ बनाई गई थी। हमने वही किया जो हमें सही लगा। इसे रिलीज करना भी अपने आप में एक अलग अनुभव था। आज पीछे मुड़कर देखते हैं, तो लगता है कि शोर हमारे लिए एक नई शुरुआत थी। अपनी पहचान और अपनी आवाज खोजने की और वह पहली छोटी सी कमाई कौन भूल सकता है, जो हमें लिखने, डायरेक्ट करने और प्रोड्यूस करने के लिए मिली थी। वह इतनी थी कि हम एक सेकंड हैंड कार खरीद सकें… और आखिरकार सीता को उसकी कार वापस कर सकें।"

उन्होंने अपनी बात को खत्म करते हुए लिखा, "आज भी हमें शूटिंग का हर दिन वह पागलपन, जुगाड़ और हर मुश्किल के बीच काम पूरा करने की खुशी अच्छे से याद है। हम इस शोर, शहर और उस शुरुआत के लिए आभारी हैं, जहां से सब कुछ शुरू हुआ। यह शोर आज भी थमता नहीं है।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   28 April 2026 9:40 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story