मुंबई के साकीनाका में खुले मैनहोल में गिरकर 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत, चार अधिकारी निलंबित

मुंबई के साकीनाका में खुले मैनहोल में गिरकर 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत, चार अधिकारी निलंबित
मुंबई के साकीनाका इलाके में खैरानी रोड पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां खुले मैनहोल में गिरने से 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान असलम इसाक शेख के रूप में हुई है। बीएमसी ने इस मामले में चार अफसरों को निलंबित किया है।

मुंबई, 2 जुलाई (आईएएनएस)। मुंबई के साकीनाका इलाके में खैरानी रोड पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां खुले मैनहोल में गिरने से 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान असलम इसाक शेख के रूप में हुई है। बीएमसी ने इस मामले में चार अफसरों को निलंबित किया है।

यह हादसा उस समय हुआ जब बृहन्मुंबई महानगरपालिका का सीवेज ऑपरेशन विभाग मैनहोल पर सुरक्षा जाली लगाने का काम कर रहा था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ठेकेदार की ओर से सुरक्षा के जरूरी इंतजाम नहीं किए गए थे, जिससे यह गंभीर लापरवाही सामने आई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, काम के दौरान मैनहोल के चारों ओर न तो बैरिकेड लगाए गए थे और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। इसी दौरान असलम शेख मोबाइल पर बात करते हुए वहां से गुजर रहे थे। बताया जा रहा है कि काम कर रहे कर्मचारियों ने उन्हें आवाज देकर रोकने की कोशिश भी की, लेकिन वे संतुलन खो बैठे और सीधे खुले मैनहोल में गिर गए।

घटना के बाद बीएमसी और मुंबई फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

घटना को गंभीरता से लेते हुए बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े ने तत्काल जांच के आदेश दिए और प्रारंभिक रूप से लापरवाही मानते हुए 'एल' विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर समेत चार अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। निलंबित अधिकारियों में असिस्टेंट कमिश्नर धनाजी हेर्लेकर, असिस्टेंट इंजीनियर दीपक चौगुले, जूनियर इंजीनियर अभिजीत चौगुले और सीवेज ऑपरेशन के असिस्टेंट इंजीनियर उत्तम पाटील शामिल हैं।

इसके साथ ही संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने के आदेश भी दिए गए हैं। मामले की जांच के लिए अतिरिक्त आयुक्त (पश्चिम उपनगर) की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति गठित की गई है, जो 7 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

महापौर रितू तावडे ने मृतक के परिवार को 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

बीएमसी ने यह भी निर्देश दिया है कि अगले 8 दिनों में पूरे मुंबई के सभी मैनहोल की 100 प्रतिशत सुरक्षा जांच (सेफ्टी ऑडिट) की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

अधिकारियों के अनुसार, प्राथमिक जांच में साफ हुआ है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 July 2026 5:58 PM IST

Tags

Next Story