मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड का कोई वजूद नहीं, देश का मुसलमान विकास का समर्थक इंद्रेश कुमार

मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड का कोई वजूद नहीं, देश का मुसलमान विकास का समर्थक इंद्रेश कुमार
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार ने यूसीसी के विरोध को लेकर अखिल भारतीय मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड की आलोचना की। इसके साथ ही उन्होंने एलपीजी के मुद्दे और वैश्विक संघर्ष के प्रभाव पर भी खुलकर बात की।

वाराणसी, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार ने यूसीसी के विरोध को लेकर अखिल भारतीय मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड की आलोचना की। इसके साथ ही उन्होंने एलपीजी के मुद्दे और वैश्विक संघर्ष के प्रभाव पर भी खुलकर बात की।

इंद्रेश कुमार ने कहा कि मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड कोई अधिकृत संस्थान नहीं है। यह एक प्राइवेट संस्था है, जिसको कुछ लोगों ने बनाया है। पर्सनल लॉ बोर्ड कोर्ट में हार चुका है। उन्होंने कहा कि मुसलमान बोर्ड के साथ नहीं खड़ा हुआ। जब यह बोर्ड मुसलमानों को ही अपने लिए हितकर नहीं लगता तो बाकियों को इस मामले में सोचने की जरूरत नहीं है। इसलिए चाहे वक्फ बोर्ड हो या पर्सनल लॉ बोर्ड, देश का मुसलमान केवल शांति चाहता है। मुसलमान विकास चाहता है। ऐसी कट्टरताओं के साथ हिंदुस्तान नहीं चलेगा, इसलिए इन कट्टरताओं से मुक्त होकर हिंदुस्तान आगे बढ़ेगा।

देश में ईंधन संकट को लेकर विपक्षी हमले से जुड़े एक सवाल पर इंद्रेश कुमार ने कहा कि यह एक सच्चाई है कि रूस, यूक्रेन, अमेरिका, ईरान और इजरायल से जुड़े संघर्षों के कारण दुनिया भर के लोग संकट का सामना कर रहे हैं, लेकिन भारत ने चाहे ईरान, रूस या अन्य स्रोतों से हो, अब तक तेल की किसी भी प्रकार की कमी नहीं होने दी है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष झूठ बोलता है। भारत में अभी तक तेल की कोई कमी नहीं आने दी है। ऊपर से तेल भारत में सस्ता हो गया है। कहीं कोई संकट दिखाई नहीं दे रहा है, इसलिए विपक्ष को झूठ बोलकर देश को नहीं भड़काना चाहिए। अगर कोई कमी भी है तो विपक्ष को सरकार को स्थिति सुधारने का सुझाव देना चाहिए, न कि लोगों को भड़काना चाहिए।

उन्होंने पश्चिम बंगाल चुनाव पर कहा कि सीएम ममता बनर्जी किसी की सगी नहीं हैं। उनको राज्य के वोटर से कोई लगाव नहीं है। वह वोटरों को सीधा धमकी दे रही हैं। इससे साफ हो जाता है कि टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी किसी से कोई संबंध नहीं रखना चाहती हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   4 April 2026 10:11 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story