नैबकॉन्स भर्ती 2026 कंसल्टेंट के 10 पदों पर आवेदन शुरू, 30 अप्रैल तक करें अप्लाई
नई दिल्ली, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। नेशनल बैंक फॉर एग्रीकल्चर एंड रूरल डेवलपमेंट नाबार्ड कंसल्टेंसी सर्विसेज (नैबकॉन्स) ने अलग-अलग पोस्टिंग के स्थान/जगह के अनुसार कंसल्टेंट (सलाहकार) के विभिन्न 10 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी कर रिक्तियों की घोषणा की है, जिनमें मिडिल लेवल कंसल्टेंट (मध्य स्तरीय सलाहकार) के 5 और जूनियर लेवल कंसल्टेंट (कनिष्ठ स्तरीय सलाहकार) के 5 पद शामिल हैं।
इन पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 20 अप्रैल से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरने के योग्य और इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय समय सीमा के अंदर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार कृषि और संबद्ध विषयों में ग्रेजुएशन या पोस्ट-ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन/वित्तपोषण/मूल्य श्रृंखला प्रबंधन/कृषि विपणन आधारित परियोजनाओं/अध्ययनों में 1 से 4 वर्ष का अनुभव, कंप्यूटर का ज्ञान और अन्य निर्धारित पात्रता व कौशल का होना अनिवार्य है।
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 24 वर्ष और अधिकतम आयु पद अनुसार 50 से 61 वर्ष के बीच तय की गई है। वहीं, योग्य अभ्यर्थियों का चयन ऑनलाइन आवेदन स्क्रीनिंग/शॉर्टलिस्टिंग और पर्सनल इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाच चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी मिडिल लेवल कंसल्टेंट के लिए 60,000 रुपए और जूनियर लेवल कंसल्टेंट पद के लिए 40,000 रुपए प्रति माह तय की गई है। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए, उम्मीदवार सबसे पहले नैबकॉन्स की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद, संबंधित पद के लिए जारी आधिकारिक अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद, नोटिफिकेशन में दिए गए दोनों पदों के लिए अलग-अलग डायरेक्ट लिंक पर क्लिक करें और रजिस्टर करके लॉगिन करें। फिर, फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद, एप्लीकेशन फॉर्म को चेक कर सबमिट कर दें। लास्ट में, रजिस्ट्रेशन फॉर्म का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।
कैंडिडेट्स भर्ती से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए नैबकॉन्स की ओर से जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक कर सकते हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 April 2026 4:21 PM IST












