'नागिन 7' में नाग गुरु के अवतार में नजर आएंगे अक्षय कुमार, प्रियंका चाहर चौधरी को करेंगे ड्रैगन से सतर्क
मुंबई, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। टीवी और फिल्मों के बीच का रिश्ता अब पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हो गया है। बड़े सितारे अपनी फिल्मों के प्रमोशन के लिए टीवी शोज का सहारा लेते हैं, जिससे दर्शकों को भी कुछ नया और अलग देखने को मिलता है। इसी कड़ी में बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार अपनी आने वाली फिल्म 'भूत बंगला' के प्रमोशन के लिए टीवी के पॉपुलर शो 'नागिन 7' में नजर आने वाले हैं। इस खास एपिसोड की झलक सामने आते ही दर्शकों के बीच उत्साह और भी बढ़ गया है।
कलर्स टीवी चैनल ने इंस्टाग्राम पर इस एपिसोड का प्रोमो शेयर किया है। यह एपिसोड 11 अप्रैल, शनिवार को प्रसारित किया जाएगा। प्रोमो में अक्षय कुमार 'नाग गुरु' के रूप में दिखाई दे रहे हैं। यह अवतार उनके फैंस के लिए काफी दिलचस्प और नया है।
वीडियो की शुरुआत में अक्षय कुमार फिल्म के गाने 'राम जी आके भला करेंगे' पर जबरदस्त डांस करते नजर आते हैं। इसके बाद कहानी में एक नया मोड़ आता है, जब वह प्रियंका चाहर चौधरी के किरदार नागिन आहना को सतर्क करते हैं।
अक्षय कहते हैं, ''ड्रैगन ही तुम्हारा सबसे बड़ा दुश्मन है, जो इतना विशाल है कि उसकी परछाई से जमीन पर रोशनी तक नहीं पहुंचती।''
प्रोमो में आगे ड्रैगन और नागिन के बीच 'ड्रैगन पर्ल' को लेकर जबरदस्त टक्कर देखने को मिलती है। यह मुकाबला विजुअली भी काफी दमदार नजर आता है, जो दर्शकों को स्क्रीन से बांधकर रखने का काम करेगा।
वीडियो के साथ चैनल ने कैप्शन में लिखा है, ''क्या ड्रैगन पर्ल की इस घमासान लड़ाई में नागिन देगी अपने दुश्मन को मात?''
इससे पहले भी एक प्रोमो सामने आया था, जिसमें अक्षय कुमार फोन पर नागिन आहना को ड्रैगन के खतरे के बारे में बताते हैं। आहना उनसे मदद मांगती है, लेकिन अक्षय उन्हें समझाते हैं कि इस लड़ाई को उसे खुद ही लड़ना होगा। वह बताते हैं, ''ड्रैगन को हराने का एक ही तरीका है और वो है उसकी खुद की आग।'' यह तरीका कहानी को और ज्यादा रहस्यमयी और दिलचस्प बनाता है।
अक्षय कुमार प्रोमो में कहते नजर आते हैं कि जब नागिनों की नागिन परेशान होती है, तो उन्हें आना ही पड़ता है, लेकिन असली लड़ाई आहना को खुद ही लड़नी होगी। इसके बाद आहना उनसे वादा करती है कि वह इस चुनौती का सामना करेगी और ड्रैगन का खात्मा करेगी।
आपको बता दें कि फिल्म 'भूत बंगला' को एकता कपूर ने प्रोड्यूस किया है। यही वजह है कि फिल्म के प्रमोशन के लिए अक्षय कुमार की एंट्री 'नागिन 7' में करवाई गई है। इस खास एपिसोड के जरिए दर्शकों को एक साथ टीवी ड्रामा और फिल्मी तड़का देखने को मिलेगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 April 2026 2:31 PM IST












