नागपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, मौके पर मौत
नागपुर, 30 अगस्त (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के नागपुर में रविवार सुबह रफ्तार का कहर देखने को मिला। जापानी गार्डन रोड पर सुबह एक तेज रफ्तार कार ने मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। इसमें बुजुर्ग व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
आरोप है कि लापरवाही से गाड़ी चलाने और गाड़ियों के बीच रेस लगाने की वजह से बुजुर्ग की जान गई। तेज रफ्तार से आ रही तीन कारों में से एक इनोवा टैक्सी का ड्राइवर गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा और सुबह की सैर पर निकले एक बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुजुर्ग की तुरंत मौत हो गई और कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद रेस में शामिल दूसरी दो कारों के ड्राइवर मौके से भाग गए। जिस कार ने टक्कर मारी, उसमें तीन युवक सवार थे।
वहीं, मृतक की पहचान 70 वर्षीय कैलाश सौंधिया के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद नागपुर पुलिस कमिश्नर विश्वास नगर पाटिल, एडिशनल सीपी वनिता शाहू समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल की निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार के सदस्यों से भी बातचीत की।
मृतक कैलाश सौंधिया की बहू पूर्णिमा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि हमें कुछ लोगों ने फोन किया था कि यहां एक्सीडेंट हुआ है। हम लोग तुरंत भागकर घटनास्थल पर पहुंचे। हमें मौके पर पहुंचने के बाद पता चला कि उनकी मौत हो चुकी है।
महिला ने बताया कि तीन लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। वे नशेड़ी जैसे दिख रहे हैं, क्योंकि अच्छे लोग इस तरह गाड़ी नहीं चलाते। हमारी मांग है कि आरोपियों को सजा दी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना में कार सवार युवक बाल-बाल बचे हैं। भविष्य में अब उनकी आंखें भी खुल जाएंगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 Aug 2026 9:52 AM IST












