भारत बनाम वेस्टइंडीज नमन धीर और आकिब नबी को पहली बार वनडे टीम में मौका, जानिए कैसा है प्रदर्शन?
नई दिल्ली, 16 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल (बीसीसीआई) ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। ऑलराउंडर नमन धीर के साथ तेज गेंदबाज आकिब नबी को पहली बार सीनियर वनडे टीम में मौका दिया गया है। आइए, इनके प्रदर्शन पर नजर डालते हैं।
पंजाब के बैटिंग ऑलराउंडर नमन धीर 2023-24 में टीम के साथ सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीत चुके हैं। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने साल 2024 में अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की। उस सीजन सात मैच खेले, जिसमें लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ नाबाद 62 रनों की पारी भी शामिल रही। इसके बाद नमन को अगले सीजन रिलीज कर दिया गया था, लेकिन साल 2025 की नीलामी में फ्रेंचाइजी ने उन्हें 'राइट-टू-मैच' ऑप्शन का इस्तेमाल करते हुए अपने साथ वापस जोड़ा और नमन को सभी 16 मैच खेलने के मौके मिले, जिसमें उन्होंने 182.60 के स्ट्राइक रेट से 252 रन कूटे। आईपीएल 2026 में उन्होंने इसी टीम के लिए 14 मुकाबलों में 26.50 की औसत के साथ 318 रन बनाए।
26 वर्षीय नमन फर्स्ट क्लास करियर में 20 मैच खेल चुके हैं, जिसमें 23.06 की औसत के साथ 669 रन बनाए। इसमें 2 शतक भी शामिल हैं। 14 लिस्ट-ए मुकाबलों में उनके बल्ले से 39 की औसत के साथ 351 रन निकले हैं। 61 टी20 मुकाबलों में यह बल्लेबाज 1,222 रन बना चुका है। बतौर गेंदबाज उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 17 विकेट निकाले, जबकि लिस्ट-ए क्रिकेट में उनके नाम 7 विकेट हैं। टी20 फॉर्मेट में उन्होंने 8 विकेट चटकाए।
वहीं, 'बारामूला एक्सप्रेस' के नाम से मशहूर आकिब नबी बेहतरीन लाइन और लेंथ के साथ दोनों तरफ गेंद को स्विंग कराने की काबिलियत रखते हैं। वह रणजी ट्रॉफी के दो शानदार सीजन (2024-25 और 2025-26) में कुल 104 विकेट लेकर अपना जलवा बिखेर चुके हैं।
दूसरे सीजन में उन्होंने 17 पारियों में 60 विकेट लेकर जम्मू-कश्मीर को उसका पहला रणजी खिताब दिलाया। उन्हें 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' भी चुना गया। नबी ने 2025 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के सात मुकाबलों में 15 विकेट लिए। शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें आईपीएल ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने 8.40 करोड़ रुपए में खरीदा।
29 वर्षीय नबी 44 फर्स्ट क्लास मुकाबलों में 164 विकेट हासिल कर चुके हैं, जबकि 36 लिस्ट-ए मुकाबलों में उन्होंने 56 विकेट निकाले हैं। दाएं हाथ का यह गेंदबाज अपने टी20 करियर में 39 मैच खेला है, जिसमें 43 विकेट चटकाए हैं।
भारत-वेस्टइंडीज के बीच वनडे मैच 27 सितंबर, 30 सितंबर और 3 अक्टूबर को खेले जाने हैं। वहीं, 6, 9, 11, 14 और 17 अक्टूबर को 5 मुकाबलों की टी20 सीरीज खेली जाएगी। नमन धीर और आकिब नबी के जुड़ने से टीम को युवा ऊर्जा, ऑलराउंड विकल्प और नई गेंद व मध्यक्रम में अतिरिक्त गहराई मिल सकती है।
वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (उपकप्तान), ध्रुव जुरेल, नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, मोहम्मद सिराज, आकिब नबी, यशस्वी जायसवाल, और नमन धीर।
वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और मयंक यादव।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 Sept 2026 9:59 PM IST












