नमो भारत यात्रियों को बड़ी राहत, दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर बढ़ेंगी 8 अतिरिक्त ट्रिप्स
नई दिल्ली, 21 मई (आईएएनएस)। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर लगातार बढ़ रही यात्रियों की संख्या को देखते हुए एनसीआरटीसी ने बड़ा फैसला लिया है। यात्रियों की सुविधा और पीक आवर्स में बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से एनसीआरटीसी ने शुक्रवार से नमो भारत ट्रेनों की 8 अतिरिक्त ट्रिप्स शुरू करने की घोषणा की है।
एनसीआरटीसी के मुताबिक, यह अतिरिक्त सेवाएं विशेष रूप से उन समयों में संचालित की जाएंगी जब यात्रियों की संख्या सबसे अधिक रहती है। नए संशोधित शेड्यूल के तहत सुबह 8 बजे से 11 बजे तक और शाम 5 बजे से 7 बजे तक सराय काले खां से मेरठ साउथ स्टेशन के बीच अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स उपलब्ध रहेंगी। इन सेवाओं के संचालन के लिए कॉरिडोर पर दो अतिरिक्त ट्रेनों को भी शामिल किया जाएगा।
अधिकारियों का कहना है कि पिछले कुछ समय में दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। वर्तमान समय में प्रतिदिन औसतन लगभग एक लाख यात्री नमो भारत सेवा का उपयोग कर रहे हैं। लगातार बढ़ती यह संख्या इस बात का संकेत है कि लोग अब निजी वाहनों के बजाय तेज, आरामदायक और भरोसेमंद सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दे रहे हैं।
एनसीआरटीसी का मानना है कि यह पहल केवल यात्रियों की सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। वैश्विक ऊर्जा संकट और ईंधन की बढ़ती कीमतों के बीच सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग से निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी, जिससे प्रदूषण और ट्रैफिक दोनों में कमी आने की उम्मीद है।
दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर देश की पहली क्षेत्रीय रैपिड रेल प्रणाली है, जिसे तेज और आधुनिक क्षेत्रीय कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए विकसित किया गया है। नमो भारत ट्रेनें 160 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम परिचालन गति से चलने में सक्षम हैं, जिससे दिल्ली से मेरठ के बीच यात्रा समय में लगभग एक तिहाई तक की कमी आई है।
गर्मी के मौसम और बढ़ती भीड़ के बीच बड़ी संख्या में लोग अब आरामदायक एयर कंडीशंड सार्वजनिक परिवहन का विकल्प चुन रहे हैं। ऐसे में एनसीआरटीसी लगातार यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने और सेवाओं को अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाने के प्रयास कर रहा है। अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स शुरू होने से रोजाना यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 May 2026 8:53 PM IST












