नांद्रे बर्गर मुफ्त में पढ़ाई के लिए क्रिकेट चुना, अब बिखेर रहे आईपीएल में चमक

नांद्रे बर्गर मुफ्त में पढ़ाई के लिए क्रिकेट चुना, अब बिखेर रहे आईपीएल में चमक
साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज नांद्रे बर्गर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपनी धारदार गेंदबाजी के साथ तहलका मचा रहे हैं। उन्होंने मंगलवार को बारिश से प्रभावित मुकाबले में मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाफ 2 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 21 रन देकर 2 विकेट निकाले।

नई दिल्ली, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज नांद्रे बर्गर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपनी धारदार गेंदबाजी के साथ तहलका मचा रहे हैं। उन्होंने मंगलवार को बारिश से प्रभावित मुकाबले में मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाफ 2 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 21 रन देकर 2 विकेट निकाले।

इस सीजन लंबी कद-काठी वाले बर्गर 3 मुकाबलों में 15.20 की औसत के साथ 5 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। उन्होंने सीजन के पहले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के विरुद्ध 26 रन देकर 2 विकेट निकाले थे, जिसके बाद गुजरात टाइटंस (जीटी) के खिलाफ 29 रन देकर 1 विकेट हासिल किया।

तेज गति से गेंद को स्विंग कराने में माहिर नांद्रे बर्गर को आईपीएल 2024 के ऑक्शन में राजस्थान रॉयल्स ने 50 लाख रुपए के बेस प्राइज में खरीदा था। उस सीजन बर्गर ने 6 मैच खेले, जिसमें कुल 145 रन देकर 7 विकेट निकाले।

इसके बाद आईपीएल 2025 में चोटिल संदीप शर्मा के स्थान पर फ्रेंचाइजी ने 3.5 करोड़ रुपए में उन्हें एक बार फिर अपने साथ जोड़ा। उस समय आईपीएल 2025 के लीग चरण में राजस्थान रॉयल्स के सिर्फ 2 ही मैच शेष थे। ऐसे में बर्गर बीते सीजन एक भी मैच नहीं खेल सके।

आईपीएल 2026 में नांद्रे बर्गर राजस्थान रॉयल्स के लिए 'तुरुप का इक्का' साबित हुए हैं। इस सीजन के पहले ही मैच में बर्गर सीएसके पर आरआर की जीत के हीरो रहे, जिन्होंने संजू सैमसन (6) और आयुष म्हात्रे (0) जैसे खिलाड़ियों को आउट करते हुए सीएसके को महज 127 रन पर रोका। इसके जवाब में राजस्थान रॉयल्स ने 12.1 ओवरों में 8 विकेट शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया।

11 अगस्त 1995 को साउथ अफ्रीका के क्रूगेर्सड्रॉप में जन्मे बर्गर को बचपन से क्रिकेट में दिलचस्पी नहीं थी। वह 15 साल की उम्र में क्षेत्रीय टेनिस चैंपियनशिप में अपने एज ग्रुप के टॉप खिलाड़ियों में शुमार थे। 17 साल की उम्र में उन्होंने साउथ अफ्रीका की नेशनल स्क्वैश चैंपियनशिप में हिस्सा लिया, लेकिन बैक इंजरी ने उन्हें इस खेल से दूर कर दिया।

साल 2014 में मुफ्त पढ़ाई के लिए बर्गर ने क्रिकेट ट्रायल दिया और विटरवाटर्सरेंड यूनिवर्सिटी के कोच नील लीवेंसन ने उनमें एक सक्षम तेज गेंदबाज देखा। उन्हें ट्रायल के जरिए यूनिवर्सिटी में दाखिला मिला। बर्गर ने उस समय क्रिकेट को सिर्फ पढ़ाई के लिए बैकअप के तौर पर देखा था, लेकिन नसीब को कुछ और ही मंजूर था।

साल 2016 में बर्गर ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया, जिसके बाद साल 2017 में उन्हें लिस्ट-ए क्रिकेट खेलने का मौका मिला। घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन ने बाएं हाथ के इस गेंदबाज के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के दरवाजे खोले।

दिसंबर 2023 में ही नांद्रे बर्गर ने भारत के विरुद्ध तीनों फॉर्मेट में डेब्यू किया। बर्गर साउथ अफ्रीका की तरफ से 3 टेस्ट मुकाबलों में 16.92 की औसत के साथ 14 विकेट हासिल कर चुके हैं, जबकि 14 वनडे मुकाबलों में उनके नाम 22 विकेट हैं। बर्गर ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 8 मैच खेले, जिसमें 6 विकेट निकाले।

नांद्रे बर्गर फर्स्ट क्लास करियर में 44 मैच खेले हैं, जिसमें उनके नाम 141 विकेट दर्ज हैं। लिस्ट-ए करियर में इस गेंदबाज ने 55 मैच खेलते हुए 84 विकेट हासिल किए। बर्गर एसए20 लीग में जोबर्ग सुपर किंग्स की ओर से 3 सीजन में 23 मैच खेले, जिसमें 20 विकेट निकाले।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 April 2026 4:38 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story