नरेला जेल और रिज क्षेत्र संरक्षण से मजबूत होगी दिल्ली, यमुना सफाई के लिए पहल जल्द आशीष सूद

नरेला जेल और रिज क्षेत्र संरक्षण से मजबूत होगी दिल्ली, यमुना सफाई के लिए पहल जल्द  आशीष सूद
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दिल्ली दौरे और विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन के बाद दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद और भाजपा नेता पंकज सिंह ने इसे दिल्ली के विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। दोनों नेताओं ने यमुना प्रदूषण, पर्यावरण संरक्षण और दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र और राज्य सरकार की पहलों का भी उल्लेख किया।

नई दिल्ली, 7 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दिल्ली दौरे और विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन के बाद दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद और भाजपा नेता पंकज सिंह ने इसे दिल्ली के विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। दोनों नेताओं ने यमुना प्रदूषण, पर्यावरण संरक्षण और दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र और राज्य सरकार की पहलों का भी उल्लेख किया।

दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "हाई सिक्योरिटी नरेला जेल जैसी परियोजना राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करेगी। दिल्ली के 'फेफड़ों' के रूप में पहचाने जाने वाले रिज क्षेत्र के संरक्षण के लिए सरकार ने 5,000 हेक्टेयर भूमि को अधिसूचित किया है, जिसका लंबे समय से इंतजार था। केंद्रीय गृह मंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए दिल्ली सरकार के प्रयासों की प्रशंसा की।"

आशीष सूद ने कहा, "केंद्र सरकार लगातार दिल्ली सरकार का सहयोग कर रही है और दिल्ली की जनता के लिए कई महत्वपूर्ण सौगातें दी जा रही हैं।पर्यावरण संरक्षण और यमुना नदी की सफाई जैसे विषयों पर भी केंद्र का सहयोग आगे भी मिलता रहेगा, जिससे दिल्लीवासियों को प्रत्यक्ष लाभ होगा।"

यमुना प्रदूषण के मुद्दे पर उन्होंने कहा, "पिछली सरकारों के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हुई, जिससे कई योजनाएं आगे नहीं बढ़ सकीं। नांगली डेयरी और गोगा डेयरी में छोटे उपचार संयंत्र लगाए गए हैं। साथ ही, अगले सप्ताह एक महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर होने की संभावना है, जिसके बाद दिल्ली की डेयरियों से निकलने वाले गोबर के वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था की जाएगी। इससे यमुना नदी को प्रदूषण से राहत मिलेगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।"

वहीं भाजपा नेता पंकज सिंह ने कहा, "गृह मंत्री अमित शाह के दौरे के दौरान कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया। "एक पेड़ मां के नाम" अभियान को आगे बढ़ाया गया, डीटीसी की 300 नई बसों को हरी झंडी दिखाई गई, परिवहन क्षेत्र से जुड़े आधुनिक ऑटोमेटेड केंद्रों की शुरुआत हुई और हाई सिक्योरिटी नरेला जेल परियोजना को भी गति मिली।"

पंकज सिंह ने कहा कि गृह मंत्री का दौरा दिल्ली सरकार के विकास कार्यों को नई ऊर्जा देगा। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने जनता को केवल भ्रमित किया जबकि मौजूदा सरकार यमुना की सफाई और दिल्ली के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध होकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यमुना को स्वच्छ बनाने के लिए सरकार अपने संकल्प के साथ लगातार आगे बढ़ रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 July 2026 5:25 PM IST

Tags

Next Story