विज्ञान/प्रौद्योगिकी: निजी अमेरिकी कंपनी का अंतरिक्ष यान सफलतापूर्वक चांद पर उतरा

निजी अमेरिकी कंपनी का अंतरिक्ष यान सफलतापूर्वक चांद पर उतरा
फायरफ्लाई एयरोस्पेस का ब्लू घोस्ट चंद्र लैंडर सफलतापूर्वक चंद्रमा के मैरे क्रिसियम क्षेत्र में उतर गया। यह मिशन 15 जनवरी, 2025 को स्पेसएक्स फाल्कन 9 रॉकेट के जरिए प्रक्षेपण के साथ शुरू हुआ और रविवार, को सटीक लैंडिंग के साथ समाप्त हुआ।

वाशिंगटन, 2 मार्च (आईएएनएस)। फायरफ्लाई एयरोस्पेस का ब्लू घोस्ट चंद्र लैंडर सफलतापूर्वक चंद्रमा के मैरे क्रिसियम क्षेत्र में उतर गया। यह मिशन 15 जनवरी, 2025 को स्पेसएक्स फाल्कन 9 रॉकेट के जरिए प्रक्षेपण के साथ शुरू हुआ और रविवार, को सटीक लैंडिंग के साथ समाप्त हुआ।

फायरफ्लाई स्पेस, टेक्सास स्थित एक अमेरिकी निजी क्षेत्र की एयरोस्पेस फर्म है, जो अंतरिक्ष वाहनों के डिजाइन, निर्माण और प्रक्षेपण संचालन से संबंधित है।

नासा की पोस्ट के अनुसार, कर्मशियल कंपनी के ब्लू घोस्ट चंद्र लैंडर ने नासा के 10 वैज्ञानिक उपकरण और तकनीकी डेमो को सुरक्षित रूप से चंद्रमा पर पहुंचा दिया।

नासा के मुताबिक, ब्लू घोस्ट के मिशन के दौरान, एजेंसी के वैज्ञानिक उपकरणों का लक्ष्य चंद्र उपसतह ड्रिलिंग टेक्नोलॉजी, रेगोलिथ नमूना संग्रह क्षमताओं, ग्लोबल नेविगेशन उपग्रह प्रणाली क्षमताओं, विकिरण सहनशील कंप्यूटिंग और चंद्र धूल शमन विधियों का परीक्षण और प्रदर्शन करना है।

कैप्चर किए गए डाटा से पृथ्वी पर मनुष्यों को भी लाभ हो सकता है, क्योंकि इससे यह पता चल सकता है कि अंतरिक्ष का मौसम और अन्य ब्रह्मांडीय ताकतें पृथ्वी को कैसे प्रभावित करती हैं।

नासा की कार्यवाहक प्रशासक जेनेट पेट्रो ने कहा, "यह अविश्वसनीय उपलब्धि दर्शाती है कि कैसे नासा और अमेरिकी कंपनियां सभी के लाभ के लिए अंतरिक्ष अन्वेषण में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।"

यह मिशन नासा-उद्योग साझेदारी का हिस्सा है जिसका उद्देश्य लागत कम करना और आर्टेमिस प्रोग्राम को समर्थन देना है, जो अंतरिक्ष यात्रियों को चंद्रमा पर वापस भेजने के लिए बनाया गया है।

फरवरी 2024 में, इंट्यूटिव मशीन्स चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाली पहली निजी कंपनी बन गई। 1972 के अपोलो 17 मिशन के बाद यह अमेरिका की पहली लैंडिंग भी थी।

हालांकि, एक दुर्घटना के कारण यह सफलता फीकी पड़ गई। लैंडर बहुत तेजी से नीचे आया और टकराने पर पलट गया, जिससे वह पर्याप्त सौर ऊर्जा उत्पन्न करने में असमर्थ हो गया और मिशन छोटा हो गया।

--आईएएनएस

एमके/

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 March 2025 7:53 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story