'राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार- 2026' के लिए 48 शिक्षक चयनित, इस खास उपलब्धि पर जताया आभार
नई दिल्ली, 22 अगस्त (आईएएनएस)। 'राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार- 2026' के लिए देश भर से 48 शिक्षकों को चुना गया है। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु नामित सभी 48 शिक्षकों को 5 सितंबर को 'शिक्षक दिवस' के मौके पर नई दिल्ली के विज्ञान भवन में सम्मानित करेंगी। कुछ शिक्षकों ने आईएएनएस से खास बातचीत की और इस सम्मान के लिए आभार जताया।
मध्य प्रदेश की शिक्षिका अर्चना शुक्ला ने आईएएनएस से कहा, "स्टूडेंट्स पिछड़े बैकग्राउंड से आते हैं और उनमें से कई आर्थिक रूप से स्थिर नहीं हैं। हालांकि, इन बच्चों में बहुत क्षमता है। हमें लगता है कि अगर हम अपने पढ़ाने के तरीकों में कुछ बदलाव करें, तो इससे इन बच्चों में काफी सुधार आ सकता है।"
अर्चना शुक्ला ने आगे कहा, "मैं सच में भगवान का शुक्रिया अदा करना चाहती हूं। यह सब भगवान की कृपा से है और मेरे स्टूडेंट्स की वजह से भी। शुक्रवार शाम, करीब 5:00-5:30 बजे, मुझे एक फोन आया, जिसमें कहा गया, 'मैडम, प्लीज अपना ईमेल चेक करें।' मैंने अपना ईमेल चेक किया तो अवॉर्ड के बारे में पता चला। आज मुझे जो अवॉर्ड मिल रहा है, वह किसी एक इंसान के लिए नहीं है। यह सभी महिलाओं के लिए है, मध्य प्रदेश के शिक्षकों के लिए और मेरे स्टूडेंट्स के लिए है, जिन्होंने हमेशा मुझ पर भरोसा किया है।"
प्रभारी प्राचार्य पी. विजय कुमार ने कहा, "मुझे शुक्रवार शाम को 6 बजे यह खबर प्राप्त हुई। टीचर अर्चना शुक्ला ने फोन पर मुझे जानकारी दी। यह पूरे स्कूल के लिए, बच्चों के लिए बहुत सौभाग्य की बात है। इन्हें अपने कार्य क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कार दिया जा रहा है। खासतौर से, शिक्षा के तरीकों में जो इनोवेटिव प्रैक्टिस अपनाया है, प्रोजेक्ट बेस लर्निंग, इसी इनोवेशन के कारण बच्चों में विज्ञान के प्रति आकर्षण पैदा हुआ है। हमने कोशिश की है कि सिर्फ विज्ञान ही नहीं, कॉमर्स और ऑर्ट्स के क्षेत्र में भी बच्चे रिसर्च का काम कर सकें।"
वहीं, पंजाब के डॉ. दिनेश कुमार ने कहा, "मुझे बहुत खुशी है। बच्चों ने बहुत अच्छा किया और ज्यूरी ने मेरे काम को पहचाना। जिला, राज्य और देश से मुझे फोन आए, सभी ने मुझे शुभकामनाएं दी। स्कूल में भी काफी खुशी का माहौल है। बच्चे जब हमें कुछ करते हुए देखते हैं, तो जल्दी सीखते हैं। ये सरकारी स्कूल के बच्चे हैं, बहुत ही गरीब परिवार से आते हैं, और कई सारे बच्चों को एनजीओ वगैरह ने गोद लिया है। वो जब आगे किसी इंजीनियरिंग या मेडिकल कॉलेज जाते हैं, तो उनकी फीस यही एनजीओ और संस्था भरती है।"
गाजियाबाद की विज्ञान की शिक्षिका डॉ. रेणु त्रिपाठी ने कहा, "शुक्रवार शाम 5.56 मेरे पास एक मेल आया। मैं उस अनुभूति को शब्दों में बयां नहीं कर पा रही हूं। जिसका मुझे इंतजार था, जो मेरी योग्यता है, बच्चों को जो मैं पढ़ा रही हूं और वो सीख रहे हैं, ऊंचे पदों पर जा रहे हैं, उसका मुझे आज सौभाग्य मिला। विज्ञान में नवाचार मुख्य होता है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2022 के तहत जो पढ़ाया जा रहा है, उसमें ये मुख्य है कि हम बच्चों को कैसे आसान से आसान भाषा में पढ़ाएं। बच्चे प्रैक्टिकल और कम लागत वाले मॉडल के जरिए सबसे ज्यादा शिक्षा ग्रहण कर सकते हैं। हमारे यहां हर्बल गॉर्डन है, मैं बच्चों को वहां ले जाकर सिखाती हूं। बच्चे कुछ करके सीखते हैं और इसी से प्रेरणा मिली। मेरी प्रेरणा यही थी कि मैं अपनी शिक्षा बच्चों तक पहुंचाऊं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 Aug 2026 9:17 PM IST












