भारतीय तेज गेंदबाज रेणुका ठाकुर को 1 करोड़ रुपए का इनाम देंगे सीएम सुक्खू

शिमला, 3 नवंबर (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को भारत महिला क्रिकेट टीम की तेज गेंदबाज रेणुका ठाकुर को 1 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि देने का ऐलान किया। शिमला जिले के रोहड़ू क्षेत्र की रहने वाली रेणुका ठाकुर विश्व चैंपियन भारतीय महिला क्रिकेट टीम का हिस्सा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने खिताब जीतने पर रेणुका ठाकुर से फोन पर बात की। इसके साथ ही उन्होंने पूरी भारतीय टीम को अपना पहला विश्व कप जीतकर इतिहास रचने के लिए बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा, "राज्य को रेणुका ठाकुर की उपलब्धि पर गर्व है, जिन्होंने विश्व स्तर पर हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है।" इसी के साथ मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि अन्य लड़कियां अपने लक्ष्यों को हासिल करने के लिए रेणुका से प्रेरणा लेंगी।
परसा गांव की रहने वाली रेणुका के परिवार ने भारत की ऐतिहासिक विश्व कप जीत का जमकर जश्न मनाया। रेणुका की मां सुनीता ठाकुर बेटी की उपलब्धि से उत्साहित नजर आईं। उन्होंने बताया कि रेणुका बचपन में कपड़े से बनी गेंद से खेलती थीं।
सुनीता ठाकुर ने कहा, "ईश्वर सभी को रेणुका जैसी बेटी दे। हम सभी माता-पिता से कहना चाहते हैं कि अगर आपकी बेटियां आगे बढ़ना चाहती हैं, तो उन्हें कभी पीछे न खींचे। उनका साथ दें, उन्हें प्रोत्साहित करें।"
क्रिकेटर के भाई विनोद ठाकुर ने कहा, "मुझे अपनी बहन पर गर्व है। हमने पूरा मैच देखा। उनकी गेंदबाजी और विकेट हासिल करने की क्षमता असाधारण थी। हमने उन्हें फोन पर बधाई दी है।"
भारत ने रविवार को नवी मुंबई में खेले गए फाइनल मैच को 52 रन से अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 7 विकेट खोकर 298 रन बनाए। इसके जवाब में साउथ अफ्रीकी टीम कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट (101) की शतकीय पारी के बावजूद 45.3 ओवरों में महज 246 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने सर्वाधिक 5 विकेट हासिल किए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 Nov 2025 6:15 PM IST












