नवरात्र में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास स्थित टाली माता मंदिर में उड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़
जम्मू, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। नवरात्र के शुभ अवसर पर भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित प्राचीन और प्रसिद्ध 'टाली वाली माता मंदिर' में हर दिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए आ रहे हैं। जम्मू जिले के मढ़ गांव में स्थित इस मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं और माता काली की पूजा-अर्चना कर शांति, समृद्धि और खुशहाली के लिए आशीर्वाद मांगते हैं।
श्रद्धालु मानसी चौधरी ने आईएएनएस से कहा, "जब यहां श्रद्धालु नारे लगाते हैं, तो उनकी आवाज पाकिस्तान बॉर्डर तक सुनाई देती है। नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में लोग मंदिर आ रहे हैं और नौवें दिन भीड़ के और बढ़ने की उम्मीद है। इतिहास में इस मंदिर पर आज तक कोई हमला नहीं हुआ और न ही कोई धमाका हुआ। इस मंदिर में सेना के जवान भी दर्शन-पूजन करने आते हैं।"
एक महिला श्रद्धालु ने कहा, "जीरो प्वाइंट पर स्थित इस मंदिर पर आर्मी के जवानों के साथ-साथ दूर-दूर से लोग यहां माथा टेकने आते हैं। पड़ोसी मुल्क की ओर से की गई फायरिंग और हमलों में आज तक मंदिर और इससे सटे गांव को कोई नुकसान नहीं हुआ। इस मंदिर में आने वाले लोगों की मुरादें काली माता पूरी करती हैं। नवमी के दिन यहां काफी भीड़ होती है और दिन भर लंगर चलता है। मंदिर में लगने वाले नारों और भजन-कीर्तन की आवाज पाकिस्तान तक पहुंचती है। इस मंदिर में हर धर्म के लोग आते हैं। मुस्लिम समाज के लोग भी मंदिर में सेवा करते हैं।"
सुरेंद्र शर्मा ने कहा, "जीरो प्वाइंट पर स्थित टाली वाली माता मंदिर में लगने वाले नारों की गूंज पाकिस्तान तक सुनाई देती है। इस मंदिर में सरदार, मुस्लिम सहित अन्य मजहब के लोग आते हैं। यहां आने वाले श्रद्धालुओं की मनोकामना पूरी होती है। हर नवरात्रि पर यह मेला लगता है।"
बता दें कि टाली वाली माता मंदिर जम्मू से करीब 25 किलोमीटर दूर भारत-पाकिस्तान सीमा के पास स्थित एक प्रसिद्ध और चमत्कारी मंदिर है। यह मंदिर एक प्राचीन टाली (शीशम) के पेड़ के नीचे और उसी के भीतर स्थित है, इसलिए इसे 'टाली वाली माता' कहा जाता है। मान्यता है कि यह पेड़ कभी नहीं सूखता।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 Oct 2026 12:21 PM IST












