एनसीआर में मौसम का बदला मिजाज बारिश से मिलेगी गर्मी से राहत, एक्यूआई में भी सुधार

एनसीआर में मौसम का बदला मिजाज बारिश से मिलेगी गर्मी से राहत, एक्यूआई में भी सुधार
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही राहत मिलेगी। मौसम विभाग के ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार, 15 मार्च को हल्की बारिश की ठंडी फुहार पड़ने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस भरी गर्मी से निजात मिलेगी।

नई दिल्ली, 13 मार्च (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही राहत मिलेगी। मौसम विभाग के ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार, 15 मार्च को हल्की बारिश की ठंडी फुहार पड़ने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस भरी गर्मी से निजात मिलेगी।

मौसम में आए इस बदलाव का असर एनसीआर की वायु गुणवत्ता पर भी स्पष्ट रूप से देखा जा रहा है। गुरुवार से शुरू हुए इस बदलाव के चलते हवा की गुणवत्ता में काफी सुधार दर्ज किया गया है। मौसम विभाग द्वारा जारी 6 दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार, आज यानी 13 मार्च को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, जिसमें आसमान साफ रहेगा। 14 मार्च को भी मुख्य रूप से साफ आसमान के साथ तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।

हालांकि, 15 मार्च को मौसम पूरी तरह बदल जाएगा। इस दिन आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। 16 से 18 मार्च तक फिर मुख्य रूप से साफ आसमान रहेगा और तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। स्थानीय मौसम रिपोर्ट के अनुसार, 13 और 14 मार्च को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, लेकिन 15 मार्च को आम तौर पर बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है।

मौसम में बदलाव और हवा की गति के कारण एनसीआर के विभिन्न शहरों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में सुधार दर्ज किया गया है, हालांकि यह अभी भी 'खराब' श्रेणी में बना हुआ है। आपको बता दें कि खराब वायु गुणवत्ता के कारण लंबे समय तक संपर्क में रहने से ज्यादातर लोगों को सांस लेने में परेशानी हो सकती है। दिल्ली के विभिन्न इलाकों में एक्यूआई का स्तर जो दर्ज किया गया है उसके मुताबिक आनंद विहार में 245, चांदनी चौक में 269, अलीपुर में 197, बवाना में 234, अशोक विहार, छावनी क्षेत्र में 192, आया नगर में 184, बुराड़ी क्रॉसिंग में 168 और मथुरा रोड में एक्यूआई 180 दर्ज किया गया है।

नोएडा में चार स्टेशन सक्रिय पाए गए, जहां सेक्टर-125 में एक्यूआई 209, सेक्टर-62 में 158, सेक्टर-1 में 186 और सेक्टर-116 में 184 दर्ज किया गया है। ग्रेटर नोएडा में नॉलेज पार्क-III में एक्यूआई 226 और नॉलेज पार्क-V में यह 300 तक पहुंच गया, जो कि एनसीआर में सबसे उच्च स्तरों में से एक है। गाजियाबाद की बात करें तो लोनी में सबसे अधिक 272 एक्यूआई दर्ज किया गया, जबकि इंदिरापुरम में 183, सजय नगर में 182 और वसुंधरा में 215 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने फिलहाल किसी तरह के अलर्ट या चेतावनी जारी नहीं की है। 15 मार्च को होने वाली बारिश से न केवल तापमान में गिरावट आएगी, बल्कि वायु गुणवत्ता में और सुधार होने की भी उम्मीद है।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएस

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   13 March 2026 9:46 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story