12वें ब्रिक्स संसदीय फोरम को लेकर एनडीए के नेताओं ने कहा-'वैश्विक चुनौतियों के समाधान का निकलेगा रास्ता'

नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली में आयोजित 12वें ब्रिक्स संसदीय फोरम को लेकर विभिन्न राज्यों के विधानसभा अध्यक्षों और सांसदों ने सकारात्मक उम्मीद जताई है। मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, भाजपा सांसद संजय जायसवाल, बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने इस सम्मेलन को वैश्विक सहयोग, लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने और अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों पर चर्चा करने के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया।
मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने 12वें ब्रिक्स संसदीय फोरम के आयोजन को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इस सम्मेलन से निकलने वाले निष्कर्ष भविष्य में पूरी दुनिया के लिए उपयोगी साबित होंगे। वैश्विक स्तर पर पहले भी कई मंच मौजूद रहे हैं लेकिन वर्तमान समय में ब्रिक्स देशों का मंच विशेष महत्व रखता है। यह दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं का प्रतिनिधित्व करता है।
तोमर ने कहा जब ब्रिक्स देशों के संसदीय प्रतिनिधि एक साथ बैठते हैं, तो वे अपने विचार साझा करते हैं और मौजूदा चुनौतियों से निपटने के उपायों पर चर्चा करते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सम्मेलन सफल रहेगा और इसके परिणाम व्यापक स्तर पर सकारात्मक प्रभाव डालेंगे।
भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने कहा कि 12वें ब्रिक्स संसदीय फोरम में दुनिया की प्रमुख शक्तियां हिस्सा ले रही हैं। वैश्विक अर्थव्यवस्था में ब्रिक्स देशों की महत्वपूर्ण हिस्सेदारी है और इस सम्मेलन में शामिल प्रतिनिधि साझा चुनौतियों पर विचार-विमर्श कर रहे हैं। जायसवाल ने भारत, चीन, ब्राजील, रूस, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और ईरान सहित प्रमुख देशों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन देशों के प्रतिनिधि एक साथ बैठकर इस बात पर चर्चा कर रहे हैं कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी देश के सामने संकट आने पर उससे निपटने के लिए किस तरह के कदम उठाए जा सकते हैं।
बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने सम्मेलन में शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उन्हें बिहार की ओर से 12वें ब्रिक्स संसदीय फोरम में भाग लेने का अवसर मिला है। इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ। प्रेम कुमार ने हाल में आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन का उल्लेख करते हुए कहा कि वह काफी सफल रहा। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दुनिया के अनेक देशों के प्रतिनिधियों के भारत आने से सकारात्मक संदेश गया। प्रधानमंत्री मोदी की सोच सभी को साथ लेकर चलने की है, जो अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण है।
उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि ब्रिक्स एक महत्वपूर्ण मंच है। हाल में भारत में आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से एक प्रस्ताव पारित किया गया था। उसी के आधार पर लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से ब्रिक्स के पीठासीन अधिकारियों का यह सम्मेलन आयोजित किया गया है। महाना ने उम्मीद जताई कि अगले दो दिनों के दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाने के लिए सार्थक विचार सामने आएंगे।
पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने सम्मेलन को भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल दुनिया में लोकतंत्र को मजबूत करने में मददगार साबित हो सकती है।
संधवां ने कहा कि वर्तमान समय में वैश्विक व्यवस्था प्रभावित हो रही है और दुनिया के कई हिस्सों में अशांति बढ़ रही है। ऐसे में विश्व में शांति का प्रसार करने के लिए भारत को आगे आना चाहिए। संसदीय लोकतंत्र विभिन्न देशों को एक साथ लाने और आपसी सहयोग बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन सकता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
