नीट यूजी 2026 पेपर लीक केस मास्टरमाइंड पीवी कुलकर्णी और शिवराज मोटेगांवकर की न्यायिक हिरासत 11 जुलाई तक बढ़ी

नीट यूजी 2026 पेपर लीक केस  मास्टरमाइंड पीवी कुलकर्णी और शिवराज मोटेगांवकर की न्यायिक हिरासत 11 जुलाई तक बढ़ी
नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले में राऊज एवेन्यू कोर्ट ने दो प्रमुख आरोपियों, पीवी कुलकर्णी और शिवराज मोटेगांवकर, की न्यायिक हिरासत 11 जुलाई 2026 तक बढ़ा दी है।

नई दिल्ली, 8 जुलाई (आईएएनएस)। नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले में राऊज एवेन्यू कोर्ट ने दो प्रमुख आरोपियों, पीवी कुलकर्णी और शिवराज मोटेगांवकर, की न्यायिक हिरासत 11 जुलाई 2026 तक बढ़ा दी है।

सीबीआई के अनुसार, पीवी कुलकर्णी इस कथित पेपर लीक मामले का मुख्य साजिशकर्ता है। वह महाराष्ट्र के लातूर का निवासी और रसायन विज्ञान का रिटायर्ड प्रोफेसर है। जांच एजेंसी का दावा है कि कुलकर्णी कई वर्षों तक नीट परीक्षा के प्रश्नपत्र तैयार करने वाले पैनल का हिस्सा रहा था। आरोप है कि उसने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की परीक्षा प्रक्रिया का दुरुपयोग करते हुए पुणे में विशेष कोचिंग कक्षाओं के माध्यम से छात्रों तक प्रश्नपत्र पहुंचाया।

जांच एजेंसी के अनुसार, दूसरे आरोपी शिवराज मोटेगांवकर लातूर स्थित आरसीसी कोचिंग का संचालक है। आरोप है कि परीक्षा से करीब 10 दिन पहले उसके पास प्रश्नपत्र और उनके उत्तर पहुंच गए थे। सीबीआई का दावा है कि उसने एनटीए के पैनल से जुड़े कुछ लोगों, पीवी कुलकर्णी और मनीषा मंदारे के माध्यम से कथित तौर पर प्रश्नपत्र हासिल किया था।

इससे पहले भी दोनों आरोपियों की न्यायिक हिरासत 8 जुलाई 2026 तक बढ़ाई गई थी। 24 जून को न्यायिक हिरासत की अवधि समाप्त होने पर दोनों आरोपियों को राऊज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया था। सुनवाई के बाद अदालत ने उनकी न्यायिक हिरासत 8 जुलाई तक बढ़ा दी थी। अब अदालत ने एक बार फिर दोनों आरोपियों की न्यायिक हिरासत 11 जुलाई 2026 तक बढ़ा दी है।

गौरतलब है कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने नीट यूजी 2026 परीक्षा का आयोजन पहले 3 मई को देशभर के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर किया था। पेपर लीक विवाद सामने आने के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई। इसके बाद एनटीए ने 21 जून को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और व्यापक निगरानी के बीच दोबारा परीक्षा आयोजित कराई।

सीबीआई इस मामले में लगातार जांच कर रही है और पेपर लीक की साजिश में शामिल सभी लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। मामले में आगे भी कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 July 2026 1:59 PM IST

Tags

Next Story