नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ ‘सच्ची मित्रता’ का मनाया जश्न, इजरायली पीएम बोले- ये महान नेता
तेल अवीव, 25 फरवरी (आईएएनएस)। बेन गुरियन हवाई अड्डे पर हुए भव्य स्वागत समारोह के बाद इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच अहम बैठक हुई। यरुशलम में पीएम मोदी के नेसेट भाषण से पहले, ये बैठक एयरपोर्ट परिसर में ही हुई।
नेतन्याहू के कार्यालय ने एक फुटेज साझा किया, जिसमें दोनों ही नेताओं का बॉन्ड साफ दिख रहा है। इस दौरान पीएम मोदी से कस कर हाथ मिलाते हुए नेतन्याहू कह रहे हैं, "यह नाता है सच्ची मित्रता का, और पीएम मोदी महान नेता हैं।" जवाब में उनके सच्चे मित्र यानी प्रधानमंत्री मोदी हंस देते हैं।
हंसी और मुस्कुराहट से भरा एक अहम पल तब भी दिखा जब भारत के प्रधानमंत्री विमान से उतरे और पीएम नेतन्याहू ने पत्नी सारा संग उनका दिल से स्वागत किया। पीएम मोदी सारा से हाथ मिला ही रहे थे कि नेतन्याहू ने कह दिया कि आपका पॉकेट स्क्वायर (जेब में रखा रुमाल) का रंग मेरी पत्नी के ड्रेस (रंग) से मैच कर रहा है। दरअसल, रुमाल और सारा का फॉर्मल सूट सैफरन यानी भगवा रंग में रंगा था।
इस दोस्ती को नया आयाम देते हुए नेतन्याहू ने पीएम मोदी का इजरायल में स्वागत करने को सम्मान की बात बताते हुए एक्स पर हिंदी भाषा में लिखा- आपका स्वागत है।
बता दें, पीएम नेतन्याहू ने ही प्रधानमंत्री को इजरायल आने का निमंत्रण दिया था। उनके आग्रह पर ही वो दो दिवसीय दौरे पर यहां पहुंचे हैं। तय कार्यक्रमानुसार दोनों के बीच एक छोटी सी मुलाकात हुई। इसके बाद दोनों नेसेट को संबोधित करेंगे फिर और कई कार्यक्रमों में पीएम मोदी शामिल होंगे।
गुरुवार सुबह दोनों 'मित्र' 'याद वाशेम होलोकॉस्ट मेमोरियल सेंटर' जाएंगे। आमतौर पर इजरायल आने वाले राष्ट्राध्यक्ष यहां जाते हैं। इजरायली पीएमओ के अनुसार, सुबह 11 बजे, वे किंग डेविड होटल में एक बड़ी बैठक करेंगे, जिसके बाद दोनों के समक्ष (हस्ताक्षर किए गए) "पहले से तैयार समझौते" का आदान-प्रदान किया जाएगा और इसके बाद मीडिया के सामने संयुक्त बयान जारी किया जाएगा।
पीएम मोदी की बीते 9 साल में दूसरी इजरायल यात्रा है। इससे पहले वे जुलाई 2017 में यहां आए थे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 Feb 2026 6:54 PM IST












