राजनीति: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यमुना का पानी पीने का ढोंग किया अरविंद केजरीवाल

नई दिल्ली, 29 जनवरी (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को आरोप लगाया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यमुना का पानी पीने का ढोंग किया है।
केजरीवाल ने नायब सिंह सैनी का यमुना का पानी पीते हुए स्लो मोशन में सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किया है। जिसमें वे पानी को पीते हैं और बाद में उसे यमुना में ही थूकते दिख रहे हैं।
केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा, "हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यमुना का पानी पीने का ढोंग किया, और फिर वही पानी वापस यमुना में थूक दिया। जब मैंने कहा कि अमोनिया की मिलावट के कारण यमुना का पानी दिल्ली वालों की जान के लिए खतरा हो सकता है, तो इन्होंने मुझ पर एफआईआर करने की धमकी दी। जिस जहरीले पानी को ये खुद नहीं पी सकते, वही पानी दिल्ली की जनता को पिलाना चाहते हैं। मैं ऐसा हरगिज नहीं होने दूंगा।"
बता दें कि दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने प्लेटफॉर्म एक्स पर सीएम नायब सैनी को टैग करते हुए पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने पल्ला घाट साथ चलने को कहा था। हालांकि, हरियाणा के सीएम ने आतिशी का चैलेंज स्वीकार किया और अकेले ही पल्ला घाट पहुंचे, जिसका वीडियो खुद उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया है।
24 सेकंड के वीडियो में सीएम नायब सैनी यमुना नदी का पानी पीते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ''बेहिचक और बेझिझक पवित्र यमुना के जल का आचमन किया, हरियाणा की सीमा पर। सीएम आतिशी तो आई नहीं। कोई नया झूठ रच रही होंगी। झूठ के पांव नहीं होते। इसलिए आप-दा का झूठ चल नहीं पा रहा। दिल्ली की देवतुल्य जनता इन फरेबियों को पहचान चुकी है। 5 फरवरी को आप-दा के फरेब काल का अंत निश्चित है। दिल्ली के लोग हरियाणा के कपूत केजरीवाल को सजा देंगे क्योंकि हमारा भाईचारा सदियों से मजबूत है।''
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 Jan 2025 7:26 PM IST