कूटनीति: दो दिवसीय दौरे पर आइसलैंड जाएंगे केंद्रीय मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह, कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल

नई दिल्ली, 2 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय विदेश राज्य और पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह दो दिवसीय दौरे पर आइसलैंड की यात्रा पर जाएंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, कीर्ति वर्धन सिंह 4 से 5 सितंबर 2025 को आइसलैंड के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे कई कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि विदेश, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह 4-5 सितंबर को आइसलैंड का दौरा करेंगे। इस दौरान वे भारत-नॉर्डिक ट्रैक 1.5 संवाद के दूसरे संस्करण में भाग लेंगे और उद्घाटन सत्र में मुख्य भाषण देंगे।
इसके अलावा, इस यात्रा के दौरान कीर्ति वर्धन सिंह आइसलैंड की संसद के स्पीकर, आइसलैंड के विदेश मंत्री और संवाद में भाग लेने वाले अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ बैठक करेंगे। साथ ही, वे आइसलैंड में भारतीय समुदाय के साथ भी संवाद करेंगे।
विदेश मंत्रालय ने कहा, "कीर्ति वर्धन सिंह की आगामी आइसलैंड यात्रा से भारत-आइसलैंड संबंधों को मजबूती मिलेगी, साथ ही भारत और नॉर्डिक देशों के रणनीतिक और शोध समुदायों के बीच सहयोग बढ़ेगा।"
बता दें कि कीर्ति वर्धन सिंह ने 9 जून 2024 को केंद्रीय राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली थी और 11 जून 2024 को उन्होंने विदेश राज्य मंत्री तथा पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। वे 2024 में उत्तर प्रदेश के गोंडा निर्वाचन क्षेत्र से 18वीं लोकसभा के लिए पांचवीं बार सांसद चुने गए हैं।
इससे पहले वे 12वीं लोकसभा (1998-1999), 14वीं लोकसभा (2004-2009), 16वीं लोकसभा (2014-2019) और 17वीं लोकसभा (2019-2024) के सदस्य रह चुके हैं।
उन्होंने उद्योग पर स्थायी समिति और रक्षा मंत्रालय की सलाहकार समिति (1998-99), विज्ञान और प्रौद्योगिकी, पर्यावरण और वन पर स्थायी समिति (2004-2009), अनुमान समिति (2014-2015), विज्ञान और प्रौद्योगिकी, पर्यावरण और वन पर स्थायी समिति और रक्षा मंत्रालय की सलाहकार समिति (2014-2019), रसायन और उर्वरक पर स्थायी समिति (2016-2018), वाणिज्य पर स्थायी समिति (2018-2019) और विज्ञान और प्रौद्योगिकी, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन पर स्थायी समिति (2019-2024) में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 Sept 2025 10:00 AM IST