लोकसभा चुनाव 2024: भाजपा ने लखनऊ में केजरीवाल के साथ विभव के भी नजर आने पर उठाए सवाल, संतोष कोली की मौत पर भी जताया संदेह

भाजपा ने लखनऊ में केजरीवाल के साथ विभव के भी नजर आने पर उठाए सवाल, संतोष कोली की मौत पर भी जताया संदेह
स्वाति मालीवाल के साथ मारपीट की घटना को लेकर विवादों में चल रहे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज 10 बजे लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करने वाले हैं।

नई दिल्ली,16 मई (आईएएनएस)। स्वाति मालीवाल के साथ मारपीट की घटना को लेकर विवादों में चल रहे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज 10 बजे लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करने वाले हैं।

केजरीवाल बुधवार रात ही लखनऊ पहुंच गए थे। लेकिन अब भाजपा ने लखनऊ में उनके साथ विभव कुमार के नजर आने पर सवाल उठाते हुए दिल्ली के सीएम और स्वाति मालीवाल को मनाने की कोशिश कर रहे आप सांसद संजय सिंह के साथ-साथ आम आदमी पार्टी की तीखी आलोचना की है।

विभव कुमार अरविंद केजरीवाल के पीए बताए जाते हैं। उनके बारे में खुद संजय सिंह ने कहा था कि मुख्यमंत्री आवास पर स्वाति मालीवाल के साथ उन्होंने बदसलूकी की थी और पार्टी इसका संज्ञान लेगी। उन्होंने कहा था कि केजरीवाल भी विभव से नाराज हैं।

भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने विभव कुमार के अरविंद केजरीवाल और संजय सिंह के साथ नजर आने पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्वाति मालीवाल के साथ हुई घटना दुर्घटना नहीं साजिश है। बुधवार रात की फोटो में लखनऊ एयरपोर्ट पर संजय सिंह, अरविंद केजरीवाल और विभव कुमार तीनों है। भाजपा नेता ने कहा कि झूठ ,मक्कारी और धोखा जो आम आदमी पार्टी के चरित्र में है, एक बार फिर दिखा।

सचदेवा ने आंदोलन के समय से अरविंद केजरीवाल की करीबी सहयोगी रही संतोष कोली की 11 वर्ष पहले हुई मौत पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जब-जब महिलाओं के सम्मान और आत्मसम्मान की बात हुई है, अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी का चरित्र खोखला नजर आता है। स्वाति मालीवाल के साथ जो घटना हुई, वह कोई पहली घटना नहीं है। आज उन्हें संतोष कोली भी याद आती है जिनकी दुःखद मृत्यु आज भी संदेह के घेरे में है।

उन्होंने सवाल किया कि आखिर क्या कारण है कि आम आदमी पार्टी में जो भी महिला किसी ऊंचे पद पर जाती है, वह वहां ठहर नहीं पाती। दो दिन पहले संजय सिंह कह रहे थे कि स्वाति मालीवाल के साथ हुई घटना में विभव का हाथ है और अरविंद केजरीवाल इस पर संज्ञान लेंगे, लेकिन केजरीवाल विभव कुमार को अपने साथ लेकर लखनऊ घूम रहे हैं। इससे समझा जा सकता है कि आम आदमी पार्टी का चरित्र क्या है - "सिर्फ लूटना, धोखा करना और मक्कारी करना"।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   16 May 2024 4:29 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story