राष्ट्रीय: संदेशखाली मामला बीजेपी कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने बरसाई लाठियां, कई जख्मी, अमित मालवीय ने ममता पर साधा निशाना

संदेशखाली मामला  बीजेपी कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने बरसाई लाठियां, कई जख्मी, अमित मालवीय ने ममता पर साधा निशाना
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली हिंसा और महिला के साथ हुए यौन उत्पीड़न को लेकर बवाल मचा हुआ है। भारतीय जनता पार्टी ने इस मामले को लेकर बंगाल की ममता सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

नई दिल्ली, 13 फरवरी (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली हिंसा और महिला के साथ हुए यौन उत्पीड़न को लेकर बवाल मचा हुआ है। भारतीय जनता पार्टी ने इस मामले को लेकर बंगाल की ममता सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

इसी क्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को सड़कों पर उतरकर अपना रोष प्रकट किया। लेकिन, पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़ दिए। जिसमें कई महिला और पुरुष कार्यकर्ता जख्मी भी हुए हैं। ये आरोप भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने लगाए हैं।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो भी शेयर करते हुए बंगाल की ममता सरकार पर हमला बोला। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि बंगाल पुलिस भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठियां बरसा रही है।

अमित मालवीय ने एक्स पर लिखा, ''पश्चिम बंगाल में खून बह रहा है। शाहजहां शेख और उसके सहयोगी संदेशखाली की युवा विवाहित महिलाओं को कैद में रखते हैं और उनके साथ दुष्कर्म करते हैं, लेकिन पश्चिम बंगाल की तानाशाह ममता बनर्जी की पुलिस ने बशीरहाट एसपी कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठियां बरसाई और पथराव किए। साथ ही उन पर आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए, जिसमें भाजपा की महिला और पुरुष कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए।"

उन्होंने बताया, "बंगाल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुकांत मजूमदार के नेतृत्व में यह प्रदर्शन किया गया।"

भाजपा नेता अमित मालवीय ने लिखा, ''इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष और अन्य नेताओं को सड़क मार्ग से संदेशखाली की यात्रा करने की अनुमति नहीं दी और उन्हें वहां के लिए ट्रेन लेनी पड़ी। आरोपी शाहजहां शेख को बचाने के लिए ममता बनर्जी इतनी बेचैन क्यों हैं? वह पश्चिम बंगाल में हिंदू महिलाओं के साथ बलात्कार को क्यों बढ़ावा दे रही हैं?''

ज्ञात हो कि टीएमसी नेता शेख शाहजहां के घर ईडी की टीम छापा मारने पहुंची थी तो उस वक्त उनके समर्थकों ने ईडी टीम पर हमला कर दिया था, जिसमें कई अधिकारियों को चोटें भी आई थी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   13 Feb 2024 3:04 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story