राजनीति: पश्चिम बंगाल में महिलाएं असुरक्षित, सीएम ममता बनर्जी जिम्मेदार भाजपा

पश्चिम बंगाल में महिलाएं असुरक्षित, सीएम ममता बनर्जी जिम्मेदार  भाजपा
कोलकाता के सरकारी अस्पताल में महिला ट्रेनी डॉक्टर के साथ हुई घिनौनी वारदात से लोगों में आक्रोश है। इस मामले को लेकर भाजपा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमलावर है।

पटना, 13 अगस्त (आईएएनएस)। कोलकाता के सरकारी अस्पताल में महिला ट्रेनी डॉक्टर के साथ हुई घिनौनी वारदात से लोगों में आक्रोश है। इस मामले को लेकर भाजपा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमलावर है।

भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने कहा कि पश्चिम बंगाल में महिलाएं असुरक्षित हैं, इसकी जिम्मेदार ममता बनर्जी हैं। यह हमारे लिए बहुत शर्मिंदगी की बात है। जिस प्रदेश में एक महिला ममता बनर्जी मुख्यमंत्री हैं, वहां महिला डॉक्टर जो दूसरे की जान बचाने का काम करती हैं, उस डॉक्टर की भी जान की कोई सुरक्षा नहीं है। ममता बनर्जी और इंडी गठबंधन देश-दुनिया की घटनाओं पर खूब टिप्पणी करते हैं, लेकिन जब खुद के प्रदेश की बात आती है तो वो कुछ नहीं बोलते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि अगर ममता बनर्जी महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर सकती हैं तो उनको सरकार में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। पश्चिम बंगाल में कभी संदेशखाली की घटना होती है तो कभी महिला डॉक्टर के साथ ऐसी घटना होती है। वहां पर महिलाएं असुरक्षित हैं और ममता बनर्जी इसके लिए जिम्मेदार हैं, उन्हें जवाब देना चाहिए।

ऋतुराज सिन्हा ने बांग्लादेश में हिंदुओं की वर्तमान स्थिति पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज मजबूर नहीं बल्कि मजबूत देश है। सरकार ने बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को शरण दी है। वहां की नई सरकार से मिलकर वहां की जनता की चिंता भी कर रही है। अगर हिंदू समाज का उत्पीड़न होगा तो मोदी सरकार जरूर हस्तक्षेप करेगी और हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।

गौरतलब है कि हिंसा और अराजकता के बाद शेख हसीना ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देकर बांग्लादेश छोड़ दिया था। उनके बांग्लादेश छोड़ने के बाद सेना ने देश की कमान संभाली थी। राजनीतिक उथल-पुथल के बीच अंतरिम सरकार का गठन हुआ था।

मोहम्मद यूनुस ने बांग्लादेश में अंतरिम सरकार के प्रमुख के रूप में शपथ ली, लेकिन, हालात काबू में नहीं हैं। हिंदुओं के ऊपर हमले किए जा रहे हैं। उनके घरों, दुकानों और मंदिरों को निशाना बनाया जा रहा है। बांग्लादेश में करीब 8 फीसदी हिंदू हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   13 Aug 2024 8:17 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story