मानवीय रुचि: भाजपा के नेता अपने आप में भ्रमित, सरकार कर रही किसानों पर जुल्म सरवन सिंह पंढ़ेर

नई दिल्ली, 9 दिसंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल की ओर से किसानों को लेकर दिये गए बयान पर किसान नेता सरवन सिंह पंढ़ेर ने प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के नेताओं को "अपने आप में भ्रमित" बताया है।
किसान मजदूर मोर्चा के अध्यक्ष सरवन सिंह पंढ़ेर ने सोमवार को कहा कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, जो अब दूसरे वाहनों से आने की बात कह रहे हैं, जब मुख्यमंत्री थे तो पैदल आने का सुझाव देते थे। भाजपा अपने आप में भ्रमित है। इनके तमाम नेताओं ने किसानों के खिलाफ बयान दिया था। इन लोगों ने किसानों पर केवल और केवल जुल्म किया है। समाज के अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों की तरफ से हम लोगों को समर्थन मिलता रहा है। जिस तरह से किसानों पर अत्याचार हो रहा है और महिला पत्रकारों को निशाना बनाया जा रहा है, वह निंदनीय है। कल प्रशासन के साथ बैठक के बाद हम इस पर आगे विचार करेंगे। शम्भू बॉर्डर पर पंजाब के किसानों के खिलाफ पुलिस बल प्रयोग की हम निंदा करते हैं।
मनोहर लाल ने किसानों के दिल्ली कूच को लेकर कहा कि किसान दिल्ली जाना चाहते हैं, तो उनको जाने से किसी ने रोका नहीं है लेकिन जाने का एक तरीका होता है। इस प्रकार के प्रदर्शन का कोई लाभ नहीं मिलने वाला है। उनको जो बात करनी है, वे सरकार के साथ बैठकर कर सकते हैं।
किसानों के दिल्ली कूच के चलते दिल्ली के तमाम बॉर्डर पर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। टिकरी बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस ने विशेष इंतजाम करते हुए छतों पर तंबू लगाए हैं और कंटेनरों के साथ बॉर्डर पर बेरिकेड्स भी लगाए गए हैं।
सार्वजनिक सभाओं और जुलूसों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही ड्रोन और वाटर कैनन की व्यवस्था भी की गई है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 Dec 2024 8:31 PM IST