राजनीति: दिल्ली के विकासपुरी में मनोज तिवारी ने जनसभा को किया संबोधित, भाजपा को जिताने की अपील

नई दिल्ली, 29 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने बुधवार को विकासपुरी इलाके में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा के प्रत्याशी के समर्थन में जनता से वोट देने की अपील की और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र किया।
जनसभा को संबोधित करने के बाद मनोज तिवारी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीब महिलाओं के लिए 2500 रुपये, गर्भवती महिलाओं के लिए 21 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। इसके साथ ही उन्होंने गरीबों के इलाज के लिए 10 लाख रुपये तक की चिकित्सा सहायता देने का प्रावधान किया है। मध्यमवर्गीय बुजुर्गों के लिए भी 10 लाख रुपये तक का इलाज मुफ्त दिया जाएगा।
मनोज तिवारी ने यमुना में प्रदूषण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यमुना में नाले गिरने के कारण पानी की गुणवत्ता अत्यधिक खराब हो गई है, इससे यमुना अब जहरीली हो गई हैं। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की आलोचना करते हुए मनोज तिवारी ने कहा कि उन्होंने हरियाणा को जो गाली देने का काम किया है, उसका जवाब दिल्ली के लोग देंगे।
इसके अलावा, मनोज तिवारी ने रोहिंग्याओं और बांगलादेशी घुसपैठियों को लेकर भी अपनी चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि रोहिंग्याओं और बांग्लादेशी घुसपैठियों की संख्या लगातार बढ़ रही है और यह दिल्ली के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई है। हम उनके वोट को काटने की कोशिश कर रहे हैं और भविष्य में उन्हें दिल्ली से हटाकर उनके देशों में भेजने का काम करेंगे।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर 5 फरवरी को एक चरण में मतदान होगा। नतीजों की घोषणा 8 फरवरी को होगी। दिल्ली में एक करोड़ 55 लाख मतदाता हैं। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 83.49 लाख और महिला मतदाता 71.74 लाख हैं। इसके अलावा 1,261 थर्ड जेंडर मतदाता भी हैं। युवा मतदाताओं की संख्या 25.89 लाख है जबकि 2.08 लाख फर्स्ट टाइम वोटर हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 Jan 2025 9:24 PM IST