दुर्घटना: रांची में टोल प्लाजा पर हाईमास्ट गिरने से दो लोगों की मौत, पांच गंभीर

रांची, 4 फरवरी (आईएएनएस)। रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र में हाईवे के टोल प्लाजा पर मंगलवार को हाई मास्ट लाइट का टावर गिर गया। इसकी चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नगड़ी थाना प्रभारी अभिषेक राय ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि रांची से गुमला की ओर से जाने वाले हाईवे में टोल प्लाजा के किनारे लगा हाई मास्ट लाइट का टावर अचानक यात्रियों से भरे ऑटो पर गिर पड़ा। टावर इतना वजनी था कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। ऑटो सवार दो महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अन्य यात्री भी मलबे में दब गए।
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। मलबे के नीचे दबे यात्रियों को बड़ी मशक्कत से बाहर निकाला गया। सूचना पाकर नगड़ी थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। इसके बाद गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
दोनों मृतक महिलाएं और सभी घायल आस-पास के इलाके के बताए जा रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक उनकी पहचान नहीं हो पाई है।
आशंका है कि हाईवे निर्माण के क्रम में की गई खुदाई की वजह से हाईमास्ट लाइट टावर का बेस कमजोर होने से यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि टोल प्लाजा का प्रबंधन देखने वाली कंपनी की लापरवाही की वजह से इतना बड़ा हादसा हुआ है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 Feb 2025 3:54 PM IST