राष्ट्रीय: 'महिलाओं को एक मर्डर की छूट दी जाए', एनसीपी शरद गुट की नेता की मांग

मुंबई, 8 मार्च (आईएएनएस)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एनसीपी (शरद गुट) महिला विंग की नेता रोहिणी खडसे ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर मांग की है कि महिलाओं को एक हत्या की छूट दी जाए, ताकि वह बढ़ते अपराधों के खिलाफ अपनी सुरक्षा कर सकें।
अपने पत्र में रोहिणी खडसे ने लिखा कि महिलाओं को दमनकारी मानसिकता, बलात्कारी प्रवृत्ति और लचर कानून व्यवस्था को खत्म करने का अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने हाल ही में मुंबई में 12 वर्षीय बच्ची के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म का जिक्र करते हुए कहा, "जब देश की आर्थिक राजधानी में ऐसी घटनाएं हो रही हैं, तो पूरे देश की स्थिति क्या होगी?"
उन्होंने आगे कहा, "वर्ल्ड पॉपुलेशन रिव्यू सर्वे के अनुसार, भारत महिलाओं की सुरक्षा के मामले में एशिया का सबसे असुरक्षित देश है। इस रिपोर्ट में महिलाओं के अपहरण, गुमशुदगी, घरेलू हिंसा और अन्य गंभीर अपराधों की जानकारी दी गई है। ऐसे में हम महिलाओं की ओर से यह मांग करते हैं कि हमें एक हत्या की छूट दी जाए।"
रोहिणी खडसे ने यह भी कहा कि हमारा देश महिलाओं के लिए असुरक्षित होता जा रहा है। हर दिन महिलाओं पर अत्याचार बढ़ रहे हैं। उन्होंने ऐतिहासिक योद्धाओं का जिक्र करते हुए कहा, "जब महारानी तारा रानी और अहिल्या देवी होल्कर ने अपनी मातृभूमि की रक्षा के लिए हथियार उठाए थे, तो हम समाज सुधार के लिए पीछे क्यों रहें?"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 March 2025 11:56 PM IST