राजनीति: नागपुर में लाशें बिछाने के लिए गड़े मुर्दे उखाड़े गए संजय राउत

नई दिल्ली, 21 मार्च (आईएएनएस)। शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने शुक्रवार को राज्यसभा में कहा कि यदि आपको औरंगजेब की कब्र तोड़नी है तो बेशक तोड़िए। आपको किसने रोका है, आपकी सरकार है। केंद्र और महाराष्ट्र में आपकी सरकार है।
संजय राउत गृह मंत्रालय के कामकाज पर हो रही चर्चा पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि नागपुर में कभी दंगा नहीं हुआ था। लेकिन, यहां लाशें बिछाने के लिए गड़े मुर्दे उखाड़े गए।
संजय राउत ने शुक्रवार को राज्यसभा में कहा, "मैं देख रहा हूं कि यहां गृह मंत्रालय पर चर्चा के दौरान कुछ सांसदों ने औरंगजेब पर चर्चा की। क्या दिन आए हैं कि उच्च सदन में लोग औरंगजेब पर चर्चा कर रहे हैं और मानता हूं कि उसके लिए हमारा गृह मंत्रालय जिम्मेदार है। ऐसी ताकतें हैं, जो बार-बार देश में औरंगजेब का नाम लेकर अस्थिरता फैलाने की कोशिश कर रही है, उसमें कुछ लोग ऐसे हैं, जो महाराष्ट्र के मंत्री हैं, जो केंद्र में उच्च पदों पर हैं। उनको अगर हमने रोका नहीं तो यह देश एक नहीं रहेगा, अखंड नहीं रहेगा। देश में एकता-अखंडता रखने का काम गृह मंत्रालय का है।"
संजय राउत ने कहा कि हम देखते हैं कि बीते कुछ वर्षों से देश को एक पुलिस स्टेट बना दिया गया है। इनका काम अपने विरोधियों को कमजोर करना है, राजनीतिक दलों को तोड़ना यह गृह मंत्रालय का काम हो गया है। सांसदों, विधायकों को खरीदने के लिए पुलिस की मदद ली जा रही है।
संजय राउत ने कहा कि पहले कल तक एक मणिपुर जल रहा था, लेकिन अब महाराष्ट्र को भी जला दिया। लाशें बिछाने के लिए आपने गड़े मुर्दे उखाड़ दिए और वह भी औरंगजेब के नाम पर।
शिवसेना यूबीटी सांसद ने कहा कि बीते 300 वर्ष में कभी नागपुर में दंगा नहीं हुआ था। यह नागपुर का इतिहास है। नागपुर जैसे शहर में यदि दंगा होता है और वह भी हमारे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में दंगा होता है। संजय राउत ने सरकार से यह भी कहा कि यदि आपको औरंगजेब की कब्र तोड़नी है तो बेशक तोड़िए, आपको किसने रोका है, आपकी सरकार है। केंद्र और महाराष्ट्र में आपकी सरकार है। गृह मंत्री आपके हैं, महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री आप के हैं।
उन्होंने कहा कि हाथ में फावड़ा लेकर जाइए और औरंगजेब की कब्र तोड़ दीजिए। लेकिन, इसके लिए अपने बच्चों को भेजिए। हमारे बच्चों को मत भेजना। आपके बच्चे विदेश में पढ़ रहे हैं, विदेश में काम कर रहे हैं और जो गरीब बेरोजगार बच्चे हैं, उनका दिमाग भटकाकर आपने इस काम पर लगा दिया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 March 2025 7:57 PM IST