राजनीति: पंजाब में किसानों का बड़ा प्रदर्शन, मंत्रियों और विधायकों के घरों का किया घेराव

पंजाब में किसानों का बड़ा प्रदर्शन, मंत्रियों और विधायकों के घरों का किया घेराव
पंजाब में किसान मजदूर मोर्चा और संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) के नेतृत्व में किसानों ने राज्य के 17 जिलों में 35 स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किया। पंजाब सरकार के मंत्रियों और विधायकों के घरों के बाहर यह घेराव दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक चला।

अमृतसर, 31 मार्च (आईएएनएस)। पंजाब में किसान मजदूर मोर्चा और संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) के नेतृत्व में किसानों ने राज्य के 17 जिलों में 35 स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किया। पंजाब सरकार के मंत्रियों और विधायकों के घरों के बाहर यह घेराव दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक चला।

किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने जानकारी दी कि यह प्रदर्शन चार घंटे तक जारी रहा। किसानों ने अमृतसर के जगदेव कलां गांव में कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल के घर के बाहर धरना दिया। इस मौके पर किसान नेताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगें दोहराईं।

किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि हम विभिन्न जगहों पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने खनौरी और शंभू बॉर्डर पर किसानों पर जुल्म किया। हमारे किसान नेताओं को पीटा गया और इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस वजह से हम विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने पंजाब सरकार के साथ-साथ केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा।

सीएम भगवंत मान पर निशाना साधते हुए पंधेर ने कहा कि पहले आप कहते थे कि मोदी सरकार ने रास्ते बंद कर रखे हैं, लेकिन अब वह कह रहे हैं कि रास्ते बंद होने से पंजाब में व्यवसाय को नुकसान हो रहा है। उन्होंने राज्य सरकार से सवाल किया कि बॉर्डर खुल जाने से कितना फायदा हुआ? इसका जवाब दें।

किसान नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार से उनकी 12 मांगें हैं, जो एमएसपी गारंटी कानून, कर्ज माफी, और अन्य किसान हितैषी नीतियों से जुड़ी हुई हैं। किसान नेताओं ने पंजाब सरकार से शंभू और खनौरी सीमाओं पर लगाए गए बैरिकेड्स को हटाने और वहां पुलिस कार्रवाई के दौरान किसानों से छीने गए सामान की भरपाई करने की मांग की।

उन्होंने आरोप लगाया कि 20 मार्च को शंभू मोर्चे पर किसान नेता बलवंत सिंह बेहरामके पर लाठीचार्ज करने वाले एसएचओ हरप्रीत सिंह को अब तक बर्खास्त नहीं किया गया है। किसान संगठनों ने इस अधिकारी को तत्काल नौकरी से हटाने की मांग की।

किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि अमृतसर के जंडियाला विधानसभा क्षेत्र में कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ के घर के बाहर भी विरोध प्रदर्शन किया गया। उन्होंने साफ किया कि जब तक सरकार उनकी सभी मांगों को स्वीकार नहीं कर लेती, तब तक यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   31 March 2025 7:22 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story