राजनीति: जन सुराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने पूर्व सांसद उदय सिंह, प्रशांत किशोर ने कहा - 'बहुमत नहीं सर्वसम्मति से चुने गए'

पटना, 19 मई (आईएएनएस)। जन सुराज ने सोमवार को सर्वसम्मति से पूर्णिया के पूर्व सांसद उदय सिंह को अपना नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया। पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि उनका चयन "बहुमत से नहीं बल्कि सर्वसम्मति से" हुआ है।
बिहार की राजधानी पटना में आयोजित एक प्रेस वार्ता में प्रशांत किशोर ने कहा कि उदय सिंह अनुभवी हैं। वह पार्टी और बिहार की स्थिति में सुधार लाने में सक्षम हैं।
उन्होंने कहा, "मेरी भूमिका जन सुराज में कुम्हार की होगी। मैं मिट्टी लाता जाऊंगा और इसे आप लोग गढ़ते जाएंगे। धीरे-धीरे मेरे साथ लोग जुड़ते जाएंगे। अब पार्टी चलाने की जिम्मेदारी इन लोगों की है।"
उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश होगी कि उनका मंच मजबूत होता जाए। हमारी कोशिश है कि बिहार का नेतृत्व ऐसा व्यक्ति करे जिस पर बिहार को गौरव हो सके।
इस मौके पर उदय सिंह ने कहा कि वह साल 1977 से राजनीति में हैं, लेकिन बिहार की जितनी चिंता प्रशांत किशोर में देखी, उतनी किसी और में नहीं देखी। वह सारे सुख छोड़कर राजनीति में आए और फिर बिहार की भलाई के लिए परिवर्तन में जुट गए। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर की हिम्मत देखकर उन्हें पहले ही विश्वास था कि वह कुछ करके रहेंगे। आज पार्टी ने जो भी मंजिल तय की है, वह उसी हिम्मत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भविष्य में क्या होगा, यह बाद की बात है।
उदय सिंह ने यह जानकारी भी साझा की कि प्रशांत किशोर की कमर के पास की हड्डी टूट चुकी थी, लेकिन उन्होंने किसी को बताया नहीं। इनका संकल्प और दृढ़ता सबको नजर आती है।
उन्होंने कहा कि कई लोग जन सुराज अभियान से जुड़े हैं। इस अभियान ने बिहार के लोगों के दिलों में एक जगह बनाई। लोगों में जन सुराज के प्रति आकर्षण दिखा। यह पार्टी बिहार की जनता की मांग पर बनी है।
उदय सिंह ने साफ किया कि जन सुराज की किसी पार्टी से लड़ाई नहीं है। उन्होंने कहा, "हम बिहार की जनता के विकास के लिए लड़ेंगे और जो भी इसके बीच में आएगा, उससे टकराएंगे।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 May 2025 7:34 PM IST