राजनीति: यमुना को स्वच्छ बनाने की योजना पर मंथन, अमित शाह की अध्यक्षता में बैठक आज

यमुना को स्वच्छ बनाने की योजना पर मंथन, अमित शाह की अध्यक्षता में बैठक आज
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में यमुना की सफाई को लेकर गुरुवार सुबह 11.30 बजे एक महत्वपूर्ण बैठक होगी। इस बैठक में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, उपराज्यपाल विनय सक्सेना, और राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

नई दिल्ली, 22 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में यमुना की सफाई को लेकर गुरुवार सुबह 11.30 बजे एक महत्वपूर्ण बैठक होगी। इस बैठक में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, उपराज्यपाल विनय सक्सेना, और राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

अमित शाह की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक का उद्देश्य यमुना की सफाई के लिए चल रही योजनाओं की समीक्षा करना और भविष्य की रणनीति तैयार करना है। यमुना की सफाई तीन चरणों में होनी है, जिसमें यमुना में मिलने वाले ड्रेनेज की सफाई, यमुना के तटों के सौंदर्यीकरण और नदी के प्रवाह को अविरल बनाने का प्रयास शामिल है।

इससे पहले अप्रैल माह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में यमुना की सफाई को लेकर एक अहम बैठक हो चुकी है। इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित जल मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए थे। इस बैठक में सिलसिलेवार तरीके से यमुना की सफाई को लेकर चर्चा हुई थी।

पीएम मोदी की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक के बाद दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा था कि यमुना नदी की सफाई के लिए सभी कामों पर चर्चा हुई। यमुना को साफ रखने के लिए विस्तृत प्लान पर काम चल रहा है। यमुनोत्री, जहां से यमुना निकलती है और जहां जाकर प्रयागराज में खत्म होती है, के लिए विस्तृत योजना बनाकर काम की तैयारी है।

बता दें कि यमुना की सफाई को लेकर भाजपा सरकार लगातार प्रयासरत है। दिल्ली विधानसभा चुनावों के दौरान पीएम मोदी ने दिल्ली के लोगों को आश्वासन दिया था कि उनकी सरकार यमुना को साफ करने का काम करेगी। दिल्ली में भाजपा सरकार बनने के बाद यमुना की सफाई को लेकर युद्ध स्तर पर योजना बनाई जा रही है। आईटीओ घाट पर यमुना नदी की आरती भी शुरू करवाई गई। इन सबके बीच दिल्ली सरकार में मंत्री लगातार यमुना नदी की साफ-सफाई का कार्य देख रहे हैं। दिल्ली सरकार का मानना है कि केंद्र के सहयोग से हम यमुना को साफ करने में सफल होंगे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   22 May 2025 8:49 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story