राष्ट्रीय: मां को पद्म विभूषण कुछ साल पहले मिलना चाहिए था अंशुमान सिन्हा

मां को पद्म विभूषण कुछ साल पहले मिलना चाहिए था  अंशुमान सिन्हा
लोकगायिका और छठ गीत को दुनियाभर में पहुंचाने और लोकप्रिय बनाने वाली गायिका शारदा सिन्हा को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। उनके पुत्र अंशुमान सिन्हा ने राष्ट्रपति से पुरस्कार ग्रहण करने के बाद कहा कि कुछ साल पहले उन्हें यह पुरस्कार मिल जाना चाहिए था।

नई दिल्ली, 28 मई (आईएएनएस)। लोकगायिका और छठ गीत को दुनियाभर में पहुंचाने और लोकप्रिय बनाने वाली गायिका शारदा सिन्हा को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। उनके पुत्र अंशुमान सिन्हा ने राष्ट्रपति से पुरस्कार ग्रहण करने के बाद कहा कि कुछ साल पहले उन्हें यह पुरस्कार मिल जाना चाहिए था।

आईएएनएस से बातचीत करते हुए अंशुमान सिन्हा ने कहा, "यह बेहद गौरव का क्षण था। एक पुत्र होने के नाते मैंने यह पुरस्कार ग्रहण किया। लेकिन, इस बात की निराशा भी है कि इस अवसर पर मां खुद मौजूद नहीं थीं। इस सम्मान के लिए राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को धन्यवाद देना चाहता हूं। 2018 में उन्हें पद्म भूषण मिला था, मुझे लगता है कि अगर पद्म विभूषण थोड़ा और पहले मिल गया होता तो शायद मां कुछ वर्ष और जीवित रहतीं। यह एक इतिहास है कि लोक विधा के किसी कलाकार को तीनों पद्म पुरस्कार मिले हैं।"

अंशुमान ने आगे कहा, "बिहार के धरोहरों में अगर कुछ नाम लिए जाएंगे तो उसमें मां का नाम निश्चित रूप से आएगा। वह बिहार के लिए बहुत कुछ छोड़कर गई हैं। दुनियाभर में अगर लोग छठ को जानते हैं तो उसमें उनका बड़ा योगदान रहा है। हमें उनकी विरासत को बचाकर रखना है। नए कलाकारों को कोशिश करनी चाहिए कि वे भोजपुरी की मिठास को बचाकर रखें। प्रयोग का विरोध नहीं है। लेकिन, मूल आत्मा के साथ छेड़छाड़ नहीं होनी चाहिए। मां का भी यही संदेश था।"

अंशुमान ने कहा, "मुझे लगता है कि मां के सम्मान में जितना केंद्र सरकार ने किया है, उतना राज्य सरकार नहीं कर पाई है। राज्य सरकार को मां की स्मृति में एक संग्रहालय या ऐसा कुछ अवश्य बनाना चाहिए।"

बता दें कि शारदा सिन्हा ने छठ गीत को भोजपुरी और मैथिली भाषा में गाकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी पहचान हासिल की। उनके गीत और छठ एक-दूसरे के पूरक माने जाते हैं। यह भी संयोग ही है कि 5 नवंबर 2024 को दिल्ली में 4 दिवसीय छठ के पहले दिन उनका निधन हो गया। भारत सरकार ने मरणोपरांत उन्हें पद्म विभूषण देने की घोषणा की थी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   28 May 2025 10:37 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story