राजनीति: हिसार में कांग्रेस सांसद जयप्रकाश ने कार्यकर्ताओं से की मुलाकात, भाजपा पर साधा निशाना

हिसार में कांग्रेस सांसद जयप्रकाश ने कार्यकर्ताओं से की मुलाकात, भाजपा पर साधा निशाना
कांग्रेस सांसद जयप्रकाश ने हिसार के रेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जमकर निशाना साधा और कांग्रेस की उपलब्धियां गिनाईं।

हिसार, 1 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद जयप्रकाश ने हिसार के रेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जमकर निशाना साधा और कांग्रेस की उपलब्धियां गिनाईं।

जयप्रकाश ने बताया कि 4 जून को कांग्रेस नेता राहुल गांधी चंडीगढ़ में एक महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में प्रजातंत्र है, जबकि बीजेपी अपना राष्ट्रीय और प्रदेश अध्यक्ष तक नियुक्त नहीं कर पा रही है।

जयप्रकाश ने कहा कि कांग्रेस ने हरियाणा में बेहतर शुरुआत की है, जिसका लाभ प्रदेशवासियों को मिलेगा। उन्होंने 2014 की कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय हरियाणा में बिजली सरप्लस थी। सर्दियों में पहाड़ी राज्यों को बिजली दी जाती थी और गर्मियों में वापस ली जाती थी।

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार ने कई थर्मल पावर प्लांट स्थापित किए, लेकिन बीजेपी ने एक भी नया पावर प्लांट नहीं लगाया। उन्होंने फतेहाबाद के गोरखपुर में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह द्वारा शुरू किए गए पावर प्लांट का उदाहरण देते हुए कहा कि बीजेपी सरकार इसे पूरा नहीं कर सकी। आज हरियाणा में बिजली की कमी से हाहाकार मचा है।

सतलुज यमुना लिंक (एसवाईएल) नहर मुद्दे पर जयप्रकाश ने लोकदल को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि आज अगर इस नहर का पानी हरियाणा को नहीं मिल रहा तो उसके लिए लोकदल पार्टी जिम्मेदार है।

ऑपरेशन सिंदूर पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस के अन्य नेताओं ने इसका समर्थन किया था, लेकिन सरकार को संसद सत्र बुलाकर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। विदेश में गया हुआ डेलिगेशन भी देश की एकता की बात कर रहा है और संकट की घड़ी में हम सभी एकजुट हैं।

जयप्रकाश ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि जिन लोगों ने गलती से उसे वोट दिया, वे एक दिन पछताएंगे। बीजेपी केवल कांग्रेस सरकार के किए कार्यों को ही आगे बढ़ा रही है। हम कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने और जनता की समस्याओं को उठाने की अपील करते हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   1 Jun 2025 10:49 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story