समाज: यमुना पुनरुद्धार अभियान दिल्ली में नदी किनारे सेना का भव्य आयोजन

यमुना पुनरुद्धार अभियान  दिल्ली में नदी किनारे सेना का भव्य आयोजन
दिल्ली में यमुना नदी के पुनरुद्धार और सफाई को लेकर भारतीय सेना भी आगे आई है। सेना ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नदी की सफाई को लेकर लोगों में जागरूकता लाने के लिए गुरुवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। टेरिटोरियल आर्मी ने यह आयोजन दिल्ली के कालिंदी कुंज पार्क में किया।

नई दिल्ली, 5 जून (आईएएनएस)। दिल्ली में यमुना नदी के पुनरुद्धार और सफाई को लेकर भारतीय सेना भी आगे आई है। सेना ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नदी की सफाई को लेकर लोगों में जागरूकता लाने के लिए गुरुवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। टेरिटोरियल आर्मी ने यह आयोजन दिल्ली के कालिंदी कुंज पार्क में किया।

यह पूरा प्रयास यमुना नदी के पुनरुद्धार और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित था। सेना के जवानों ने यमुना नदी के समीप वृक्षारोपण किया और लोगों को हरियाली बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

भारतीय सेना के इस भव्य कार्यक्रम की शुरुआत गुरुवार को सेना के मिलिट्री बैंड की प्रेरणादायक प्रस्तुति से हुई। सैन्य बैंड की इस प्रस्तुति ने पार्क के सुंदर फव्वारों के बीच एक उत्साहजनक और आत्मचिंतन से भरपूर वातावरण तैयार किया। इसके पश्चात एक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसमें कचरा प्रबंधन और सामूहिक जिम्मेदारी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। यह नाटक लोगों को यह सोचने पर मजबूर करता है कि स्वच्छता और पर्यावरणीय जिम्मेदारी कैसे व्यक्तिगत स्तर पर शुरू होती है।

इस अवसर का एक प्रमुख आकर्षण प्रतीकात्मक वॉकाथॉन भी रहा। इस वॉकाथॉन में टेरिटोरियल आर्मी के जवानों के साथ-साथ आम नागरिकों ने भी यमुना नदी के किनारे पदयात्रा की। इसका उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना था। सभी प्रतिभागियों ने मिलकर यह संदेश दिया कि पर्यावरण की रक्षा केवल सरकार या संगठनों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह हर नागरिक का कर्तव्य है।

कार्यक्रम का समापन वृक्षारोपण अभियान के साथ हुआ, जिसमें यमुना तट पर दर्जनों पौधे लगाए गए। यह गतिविधि प्रदूषण कम करने और हरियाली बढ़ाने की दिशा में एक सार्थक पहल थी।

सेना के मुताबिक, इस आयोजन के माध्यम से टेरिटोरियल आर्मी ने एक बार फिर यह सिद्ध किया है कि भारतीय सेना न केवल सीमाओं की रक्षा करती है, बल्कि समाज और पर्यावरण की सेवा में भी अग्रणी भूमिका निभाती है। यह पहल पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और सामुदायिक भागीदारी की दिशा में एक प्रेरणास्पद उदाहरण बनकर उभरी है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   5 Jun 2025 10:39 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story