राजनीति: राहुल गांधी को सोचना चाहिए कि जनता क्यों नकार रही चिराग पासवान

पटना, 7 जून (आईएएनएस)। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने शनिवार को पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को खुद की और कांग्रेस की स्थिति पर मंथन करने की सलाह दी।
चिराग पासवान ने कहा, राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी चुनावों में हार के बाद ईवीएम पर सवाल उठाती हैं। आजादी के बाद लगभग 50 से 55 साल तक देश में कांग्रेस की सरकार रही है। ऐसे में राहुल गांधी को सोचना चाहिए कि जनता कांग्रेस को क्यों नकार रही है।
शाहाबाद क्षेत्र से बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने की संभावना पर चिराग पासवान ने कहा, "आरा में एक बड़ा शंखनाद होने जा रहा है। पांच-छह जिलों का समूह बनाकर एक प्रमंडलीय स्थल पर बड़ा आयोजन करने जा रहे हैं, जहां पर संगठन की भूमिका होगी। मैं चुनाव लड़ूंगा या नहीं, इस पर फैसला पार्टी का संसदीय बोर्ड लेगा।"
शाहाबाद क्षेत्र भोजपुर और रोहतास जिले में पड़ता है। भोजपुर के आरा में चिराग पासवान नव संकल्प महासभा करने वाले हैं, इसके माध्यम से क्षेत्र की 33 विधानसभा सीटों को साधने की रणनीति बनाएंगे। चिराग पासवान की वजह से शाहाबाद क्षेत्र में 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को बड़ा नुकसान हुआ था। एनडीए क्षेत्र की 22 में से तीन सीटें ही जीत सकी थी। बता दें कि चिराग पासवान की पार्टी 2020 का विधानसभा चुनाव अकेले लड़ी थी। उसने 137 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे।
यह पूछे जाने पर कि क्या चुनाव बाद उनकी नजर मुख्यमंत्री पद पर है, चिराग पासवान ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री होंगे। विपक्ष जानबूझकर उनके बारे में भ्रम फैला रहा है। इस बार बिहार में अब तक की सबसे मजबूत एनडीए की सरकार बनेगी।
प्रधानमंत्री पर विपक्ष के हमले के सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। इसलिए विपक्ष के नेता प्रधानमंत्री की आलोचना करते हैं।
बिहार में बढ़ रहे अपराध पर लोजपा (आर) के अध्यक्ष ने कहा, "बिहार में बढ़ती अपराध की घटनाएं चिंता का विषय हैं। मैं बिहार सरकार का हिस्सा नहीं हूं, मेरा कोई विधायक नहीं है, लेकिन पॉलिसी मेकर प्रणाली का हिस्सा होने के नाते मैंने सरकार से बात की है। सरकार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए मुस्तैदी से काम कर रही है। मुजफ्फरपुर जा रहा हूं, जहां दो घटनाएं हुई हैं। रेप पीड़िता के परिवार से मुलाकात करूंगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 Jun 2025 9:25 PM IST