राष्ट्रीय: बिहार की सांस्कृतिक विरासत से मंत्रमुग्ध विदेशी दल, नालंदा और महाबोधि मंदिर की भव्यता ने मोहा मन

बिहार की सांस्कृतिक विरासत से मंत्रमुग्ध विदेशी दल, नालंदा और महाबोधि मंदिर की भव्यता ने मोहा मन
बिहार पर्यटन विभाग और विदेश मंत्रालय के सहयोग से विदेशी यात्रियों का एक दल 'बोधियात्रा' के तहत दो दिनों तक नालंदा, गया और बोधगया के पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया। मेकांग-गंगा सहयोग कार्ययोजना में शामिल पांच आसियान देशों कंबोडिया, लाओस, म्यांमार, थाईलैंड और वियतनाम के 50 सदस्यों के दल ने रविवार को बोधगया के महाबोधि मंदिर, सुजाता स्तूप और मंदिर, डुंगेश्वरी गुफा तथा पत्थरकट्टी का भ्रमण किया।

पटना, 9 जून (आईएएनएस)। बिहार पर्यटन विभाग और विदेश मंत्रालय के सहयोग से विदेशी यात्रियों का एक दल 'बोधियात्रा' के तहत दो दिनों तक नालंदा, गया और बोधगया के पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया। मेकांग-गंगा सहयोग कार्ययोजना में शामिल पांच आसियान देशों कंबोडिया, लाओस, म्यांमार, थाईलैंड और वियतनाम के 50 सदस्यों के दल ने रविवार को बोधगया के महाबोधि मंदिर, सुजाता स्तूप और मंदिर, डुंगेश्वरी गुफा तथा पत्थरकट्टी का भ्रमण किया।

सोमवार को यह यात्रा दल गेहलौर की दशरथ मांझी घाटी, नालंदा विश्वविद्यालय के भग्नावशेष और राजगीर में नालंदा यूनिवर्सिटी, वेणुवन और शांतिस्तूप का दीदार किया। देश में बुद्धिस्ट स्थलों पर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बोधियात्रा आयोजित की गई है। इसके पूर्व दल दिल्ली, आगरा, लखनऊ, श्रावस्ती, कुशीनगर, बनारस होते हुए बिहार पहुंचा।

बोधि यात्रा में आए दल के सदस्यों ने बोधगया, नालंदा और राजगीर के बौद्ध स्थलों पर पूजा-अर्चना की और नालंदा के प्राचीन विश्वविद्यालय के वैभव को जानकर अभिभूत हो गए। यात्रादल ने गया के पत्थरकट्टी में प्राचीन पाषाण कला से संबंधित मूर्तियों की निर्माण कला को वहां के कलाकारों से मिलकर जाना और समझा। ज्ञान भूमि नालंदा और महाबोधि मंदिर की भव्यता देख विदेशी यात्रा दल के सदस्य अभिभूत हो गए।

लोगों ने नालंदा के प्राचीन विश्वविद्यालय में गहरी दिलचस्पी दिखाई। इस दल में शामिल सदस्यों ने कहा कि बिहार में बौद्ध संस्कृति की जड़ें बहुत गहरी हैं और इसे जितना देखा और जाना जाए, उतना ही कम है। यहां आकर बौद्ध अनुयायी अपने आप को भाग्यशाली समझ रहे हैं। इस अवसर पर पर्यटन विभाग के पदाधिकारियों ने उन्हें बिहार भ्रमण के दौरान पूरी जानकारी उपलब्ध कराई। यह दल बिहार के बोधगया, नालंदा व राजगीर बौद्ध स्थलों का भ्रमण कर मंगलवार को वापस लौट जाएगा। उल्लेखनीय है कि बिहार के नालंदा और बोधगया घूमने प्रतिवर्ष लाखों पर्यटक पहुंचते हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   9 Jun 2025 8:51 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story