राजनीति: महागठबंधन में सीएम चेहरे पर विवाद नहीं, तेजस्वी यादव एकमात्र विकल्प मुकेश सहनी

पटना, 12 जून (आईएएनएस)। विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) प्रमुख मुकेश सहनी ने बिहार की राजधानी पटना में 'इंडिया' गठबंधन की बैठक का जिक्र करते हुए कहा कि महागठबंधन में सीएम के चेहरे को लेकर कोई विवाद नहीं है। हम एकजुटता के साथ तेजस्वी यादव के नेतृत्व में बिहार विधानसभा चुनाव लड़ेंगे और जीत दर्ज करेंगे।
मुकेश सहनी ने कहा कि हमारी पार्टी की इंटरनल मांग है कि 60 सीट पर हम लोग लड़ेंगे। महागठबंधन में 243 सीट हैं। उस पर सब मिलकर संयुक्त लड़ाई लड़ेंगे और सभी सीट एक-एक करके जीतेंगे। कौन पार्टी कितनी सीट पर लड़ेगी, यह बहुत जल्द साफ हो जाएगा। इस संबंध में जल्द ही जानकारी साझा की जाएगी।
उन्होंने महागठबंधन के सीएम चेहरे को लेकर भी तस्वीर साफ की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कौन होंगे, उपमुख्यमंत्री कौन होंगे, हमारे गठबंधन में यह स्पष्ट है। लेकिन आने वाले समय में मीडिया को जानकारी दे दी जाएगी। हमने सह कमेटी के साथ चर्चा की है। वह रिपोर्ट बनाएंगे। उस रिपोर्ट के आधार पर हम काम करेंगे। सीएम फेस को लेकर उन्होंने कहा कि उस पर कोई विवाद ही नहीं है। किसी और की दावेदारी ही नहीं है। एकमात्र चेहरा तेजस्वी प्रसाद यादव हैं। समय के साथ सभी चीजों की जानकारी मिल जाएगी।
वहीं, भाजपा प्रवक्ता अजय आलोक ने 'इंडिया' गठबंधन की बैठक पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में महागठबंधन का कोई भविष्य नहीं है। जनता एनडीए के साथ है। ये लोग सरकार बचाने की सोच रहे हैं, लेकिन जनता ने इन्हें पहले ही बाहर का रास्ता दिखा दिया है। यह 'इंडिया' गठबंधन नहीं "घमड़िया गठबंधन" है। इन लोगों का आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में वजूद खत्म हो जाएगा। हम जनता के बीच विकास के कामों को लेकर जाएंगे और हमें भरोसा है कि जनता एनडीए को जिताने का काम करेगी।
वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने अहमदाबाद प्लेन क्रैश पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि इस प्लेन हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति हम संवेदना प्रकट करते हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन सभी को अपने चरणों में जगह दें। जो घायल हैं, उनका जल्द से जल्द इलाज हो।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   12 Jun 2025 8:49 PM IST