राष्ट्रीय: अहमदाबाद विमान हादसा हरियाणा के कुरुक्षेत्र में शोक की लहर, बेटी से मिलने लंदन जा रही थी अंजू शर्मा

अहमदाबाद विमान हादसा हरियाणा के कुरुक्षेत्र में शोक की लहर, बेटी से मिलने लंदन जा रही थी अंजू शर्मा
अहमदाबाद में हुए दर्दनाक विमान हादसे के बाद हरियाणा के कुरुक्षेत्र में भी शोक की लहर है। इस हादसे में कुरुक्षेत्र जिले के गांव राम शरण माजरा की एक बेटी अंजू शर्मा की जान चली गई। अंजू कई सालों से अपने परिवार के साथ गुजरात के वडोदरा में रह रही थीं और अपनी बड़ी बेटी से मिलने लंदन जा रही थीं।

कुरुक्षेत्र, 13 जून (आईएएनएस)। अहमदाबाद में हुए दर्दनाक विमान हादसे के बाद हरियाणा के कुरुक्षेत्र में भी शोक की लहर है। इस हादसे में कुरुक्षेत्र जिले के गांव राम शरण माजरा की एक बेटी अंजू शर्मा की जान चली गई। अंजू कई सालों से अपने परिवार के साथ गुजरात के वडोदरा में रह रही थीं और अपनी बड़ी बेटी से मिलने लंदन जा रही थीं।

अंजू की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है और परिवार गहरे सदमे में है। सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि अंजू शर्मा के बुजुर्ग माता-पिता को अब तक हादसे की जानकारी नहीं दी गई। उनके पिता जगदीश शर्मा, जो भारतीय सेना से रिटायर्ड हैं, ब्रेन हेमरेज के कारण बिस्तर पर हैं और माता भी लंबे समय से बीमार हैं। ऐसे में परिवार ने उन्हें यह दुखद समाचार बताने से फिलहाल परहेज किया है। परिवार के लोगों का कहना है कि अगर हम अंजू के पिता और मां को जानकारी देंगे तो डर है कि हम उन्हें भी खो देंगे।

अंजू के चाचा, बहन और जीजा शोक व्यक्त करने आने वालों से मिल रहे हैं। वडोदरा में अंजू की छोटी बेटी का डीएनए टेस्ट लिया गया था, जिसकी रिपोर्ट से पुष्टि हुई कि अंजू शर्मा का निधन हो चुका है। अब अंजू शर्मा के परिवारजन अंतिम संस्कार के लिए वडोदरा जाने की तैयारियां कर रहे हैं। गांव की बेटी की ऐसी विदाई किसी ने नहीं सोची थी।

अंजू के चाचा बालकिशन शर्मा अपने आंसुओं को नहीं रोक पा रहे हैं। मीडिया से बातचीत के समय रोते हुए उन्होंने कहा कि अंजू शर्मा खुशमिजाज थी। वह पूरे परिवार, पूरे कुनबे को जोड़कर रखती थी। उसके जाने से सभी सदमे में हैं। अंजू शर्मा ने विमान में बैठने के बाद अपनी बहन नीलू शर्मा को वीडियो कॉल की थी, लेकिन वह अटेंड नहीं कर पाई, जिसका उसे अभी मलाल है। नीलू शर्मा ने कहा कि अंजू शर्मा ने पूरे परिवार का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया था, जिसमें उसने कॉल की थी। आठ बहनों में अंजू शर्मा सबसे बड़ी थीं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   13 Jun 2025 10:33 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story