दुर्घटना: झारखंड के पलामू में तालाब से मिले दो बच्चों के शव, घर के पास खेलने के दौरान हुए थे लापता

पलामू, 22 जून (आईएएनएस)। झारखंड के मेदिनीनगर (पलामू) शहर में बड़काबांध तालाब से रविवार को दो बच्चों के शव बरामद किए गए।
इनकी पहचान बेलवाटिका मोहल्ला निवासी अनुराग तिवारी के पुत्र 9 वर्षीय आरो तिवारी और रेड़मा निवासी आनंद दुबे के पुत्र 6 वर्षीय अर्पित दुबे के रूप में हुई है। दोनों आपस में मौसेरे भाई थे और शनिवार की शाम एक साथ कहीं निकले थे।
आशंका जाहिर की जा रही है कि दोनों नहाने के लिए तालाब में उतरे और डूब गए। दोनों के कपड़े तालाब के किनारे पाए गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बताया गया कि आरो तिवारी शनिवार की शाम अपने मौसा आनंद दुबे के घर रेड़मा गया था। वहां वह छोटे मौसेरे भाई अर्पित दुबे के साथ खेल रहा था। फिर दोनों एक साथ घर से बाहर निकल गए।
परिजनों को लगा कि दोनों आसपास कहीं खेलने गए होंगे। काफी देर तक वे नहीं लौटे तो उनकी तलाश शुरू हुई। रात में उनका कहीं कुछ पता नहीं चला।
रविवार सुबह लोग जब काशीनगर स्थित बड़काबांध पहुंचे तो तालाब किनारे बच्चों के कपड़े मिले। इसके बाद स्थानीय गोताखोर तालाब में उतरे तो थोड़ी देर में दोनों के शव बरामद किए गए। उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजा मेदिनी राय मेमोरियल कॉलेज हॉस्पिटल भेजा गया। पुलिस प्रारंभिक जांच के आधार पर इसे हादसा मान रही है। बच्चों के शरीर पर किसी तरह की चोट के कोई निशान नहीं हैं। संभावना जताई गई है कि दोनों तालाब में उतरे और गहराई में जाने के बाद बाहर नहीं आ पाए।
झारखंड में पिछले दो महीनों के दौरान नदी, डैम, झरना और जलाशयों में डूबने की घटनाओं में 30 से अधिक लोगों की मौत हुई है। इनमें ज्यादातर बच्चे और युवा थे, जो नहाने के दौरान हादसे के शिकार हुए।
--आईएएनएस
एसएनसी/एबीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 Jun 2025 1:14 PM IST