राजनीति: ओडिशा दौरे पर राहुल गांधी विस्थापित आदिवासी परिवारों, किसानों से करेंगे मुलाकात श्रीकांत जेना

ओडिशा दौरे पर राहुल गांधी विस्थापित आदिवासी परिवारों, किसानों से करेंगे मुलाकात  श्रीकांत जेना
वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीकांत जेना ने बुधवार को बताया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 11 जुलाई को ओडिशा का दौरा करेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य सामाजिक न्याय, आदिवासी अधिकारों और आर्थिक असमानता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उजागर करना है।

भुवनेश्वर, 9 जुलाई (आईएएनएस)। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीकांत जेना ने बुधवार को बताया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 11 जुलाई को ओडिशा का दौरा करेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य सामाजिक न्याय, आदिवासी अधिकारों और आर्थिक असमानता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उजागर करना है।

श्रीकांत जेना ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा कि राहुल गांधी भुवनेश्वर में विस्थापित आदिवासी परिवारों और किसानों से मुलाकात करेंगे। समाज के हाशिए पर पड़े लोगों की आवाज को उठाने के लिए कांग्रेस पार्टी के नेता प्रतिबद्ध हैं। संविधान और सामाजिक न्याय के प्रति हमारी सोच स्पष्ट है। ओडिशा में अनुसूचित जातियों (एससी), अनुसूचित जनजातियों (एसटी) और गरीबों के अधिकारों की लंबे समय से उपेक्षा की गई है। ऐसे में हम उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ेंगे। राहुल गांधी का यह दौरा ओडिशा के लोगों में नई उम्मीद जगाएगा। कांग्रेस इन समुदायों के अधिकारों के लिए हमेशा से लड़ती रही है और आगे भी मजबूती से लड़ेगी।"

उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 164(1) का हवाला देते हुए कहा कि ओडिशा में इन समुदायों के लिए विशेष प्रावधानों की आवश्यकता है, जिसे लागू करने में सरकारें विफल रही हैं। जेना ने इस मुद्दे को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के समक्ष उठाने की बात कही।

उन्होंने कहा, "अनुच्छेद 164(1) के तहत, ओडिशा अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों और गरीबों के लिए विशेष प्रावधानों का हकदार है, जिसे लंबे समय से नजरअंदाज किया गया है। इसलिए हम यह मामला राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के ध्यान में लाएंगे। हमारी पार्टी एक सशक्त विपक्ष के तौर पर जनता की आवाज उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।"

साल 2024 के आम चुनावों के बाद राहुल गांधी का यह पहला ओडिशा दौरा होगा। ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) अध्यक्ष भक्त चरण दास ने राहुल गांधी के दौरे को लेकर कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता उनके दौरे को सफल बनाने के लिए जी जान से जुटे हैं। मौजूदा प्रदेश सरकार सभी मोर्चों पर असफल साबित हुई है। राज्य में महिलाओं और दलितों के खिलाफ अत्याचार काफी बढ़ गया है। हम प्रदेश सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे और जनता के लिए विकल्प बनेंगे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   9 July 2025 8:57 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story