धर्म: सावन का पहला दिन सीएम योगी ने किया रुद्राभिषेक, प्रदेशवासियों के लिए सुख-समृद्धि की कामना

सावन का पहला दिन सीएम योगी ने किया रुद्राभिषेक, प्रदेशवासियों के लिए सुख-समृद्धि की कामना
सावन के पहले दिन यूपी के मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार सुबह रुद्राभिषेक और हवन किया। रुद्राभिषेक का अनुष्ठान पूर्ण कर उन्होंने भगवान शिव से सभी के कल्याण और सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।

गोरखपुर, 11 जुलाई (आईएएनएस)। सावन के पहले दिन यूपी के मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार सुबह रुद्राभिषेक और हवन किया। रुद्राभिषेक का अनुष्ठान पूर्ण कर उन्होंने भगवान शिव से सभी के कल्याण और सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर के अपने आवास पर शक्तिपीठ में भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया। उन्होंने बिल्व पत्र, दुर्वा, मदार पत्र, कमल पुष्प और अन्य पूजन सामग्री अर्पित की, फिर जल, दूध और मौसमी फलों के रस से अभिषेक किया। मठ के विद्वान आचार्यों और पुरोहितों ने शुक्ल यजुर्वेद के रुद्राष्टाध्यायी मंत्रों के साथ रुद्राभिषेक संपन्न कराया। इसके बाद योगी ने वैदिक मंत्रों के बीच हवन भी किया।

रुद्राभिषेक अनुष्ठान के उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के आरोग्यमय, सुखमय, समृद्धमय व शांतिमय जीवन की मंगलकामना की।

आज से सावन का पवित्र महीना शुरू हो गया है, जो भगवान शिव की पूजा के लिए खास है। वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी हैं। इस बार सावन में चार सोमवार आएंगे, और हर सोमवार को बाबा विश्वनाथ का अलग-अलग शृंगार होगा। काशी विश्वनाथ धाम में भक्तों की सुविधा के लिए पांच जगहों पर मेडिकल टीमें तैनात की गई हैं, जहां डॉक्टर तीन पालियों में उपलब्ध हैं।

लोधेश्वर, गोला और कानपुर के परमट मंदिर में भी भक्त सुबह से दर्शन के लिए कतार में खड़े हैं। राज्य के अन्य शिव मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। कई भक्तों ने पंडितों के साथ शिव महाभिषेक, महामृत्युंजय जाप और रुद्राभिषेक किया। सावन के पूरे महीने सभी शिव मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना होगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   11 July 2025 10:10 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story