राजनीति: लोग बंदूक नहीं विकास की राह पर चलना चाहते हैं साथ, नक्सलवाद का होगा खात्मा विष्णु देव साय

रायपुर, 11 जुलाई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के नारायणपुर जिले में माओवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार को नारायणपुर पुलिस के समक्ष 22 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें 14 पुरुष और आठ महिलाएं शामिल हैं।
आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों पर कुल 37.05 लाख रुपए का इनाम घोषित था। ये नक्सली लंबे समय से अबूझमाड़ के घने जंगलों में सक्रिय थे और विभिन्न माओवादी गतिविधियों में शामिल रहे।
इन सभी नक्सलियों को प्रोत्साहन के तौर पर 50,000 रुपए का चेक प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त, छत्तीसगढ़ सरकार की नक्सल उन्मूलन नीति के तहत उन्हें पुनर्वास और अन्य सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने 'डबल इंजन' सरकार के 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त करने के संकल्प को दोहराया।
सीएम विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "लोग अब बंदूक नहीं, विकास की राह पर साथ चलना चाहते हैं। नारायणपुर जिले में 37 लाख 50 हजार के 22 इनामी नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। इन आत्मसमर्पित नक्सलियों के ऊपर 50 हजार रुपए से लेकर आठ लाख रुपए तक के इनाम घोषित थे। हमारी सरकार में अब तक 1,476 माओवादी आत्मसमर्पण कर चुके हैं। यह हमारी सरकार की नवीन आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति 2025 एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की सकारात्मकता का प्रमाण है। 'नियद नेल्लानार' जैसी योजनाओं ने विश्वास जगाया है, लोग हिंसा छोड़कर विकास की मुख्यधारा में लौट रहे हैं। इन आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनरुत्थान हेतु हम पूर्णतः संकल्पित हैं। 'डबल इंजन की सरकार' 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद को जड़ से समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।"
नारायणपुर पुलिस और प्रशासन ने नक्सलियों के इस आत्मसमर्पण को एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह नक्सलियों के मनोबल को तोड़ने और क्षेत्र में शांति स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों ने बताया कि सरकार की नीतियों और विकास कार्यों ने उन्हें मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित किया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 July 2025 11:21 PM IST