राजनीति: महाराष्ट्र में भाषा विवाद को ज्यादा ही राजनीतिक रंग दिया जा रहा प्रतापराव जाधव

महाराष्ट्र में भाषा विवाद को ज्यादा ही राजनीतिक रंग दिया जा रहा  प्रतापराव जाधव
केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव शुक्रवार को अपने परिवार के साथ द्वारका पहुंचे, जहां उन्होंने द्वारकाधीश के दर्शन किए। महाराष्ट्र में चल रहे भाषा विवाद पर उन्होंने कहा कि भाषा विवाद को ज्यादा ही राजनीतिक रंग दिया जा रहा है।

द्वारका, 12 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव शुक्रवार को अपने परिवार के साथ द्वारका पहुंचे, जहां उन्होंने द्वारकाधीश के दर्शन किए। महाराष्ट्र में चल रहे भाषा विवाद पर उन्होंने कहा कि भाषा विवाद को ज्यादा ही राजनीतिक रंग दिया जा रहा है।

उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए महाराष्ट्र में चल रहे भाषा मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "भाषा पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। कुछ पार्टियां महाराष्ट्र के नगर निगम के चुनाव में फायदा लेने के लिए ऐसे मुद्दे को उछाल रही हैं, लेकिन ऐसी राजनीति नहीं करनी चाहिए। महाराष्ट्र में सभी लोग रहते हैं और सभी को अपनी भाषा बोलने का अधिकार है।"

उन्होंने कहा, "महाराष्ट्र की भाषा मराठी है और मराठी ही बोलनी चाहिए। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं कि दूसरी भाषा से द्वेष करें। सभी भाषाएं अपनी-अपनी जगह श्रेष्ठ हैं। जैसे गुजरात में गुजराती बोली जाती है, लेकिन महाराष्ट्र के मुंबई में सभी जगहों से लोग आते और बसते हैं। महाराष्ट्र में इस मुद्दे को राजनीतिक रंग थोड़ा ज्यादा ही दिया जा रहा है।"

कश्मीर जाने को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के हालिया बयान को लेकर केंद्रीय मंत्री ने कहा, "हमारा देश लोकशाही चलाने वाला देश है। यहां पर कोई धर्म की राजनीति या धर्म के आधार पर हमारा देश नहीं बना है। सभी जगह जाना चाहिए। कश्मीर हमारा ही है और कश्मीर के लोगों को भी लगना चाहिए हिंदुस्तान हमारा है। लेकिन वहां के कुछ लोगों के दिल में अगर पाकिस्तान जाने की सोच है तो वह गलत है।"

दरअसल, केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव का परिवार द्वारकाधीश भगवान के दर्शन करने के लिए पहुंचा। इस दौरान परिवार द्वारका के शारदा पीठ में भगवान द्वारकाधीश की ध्वजाजी का पूजन कर द्वारकाधीश के जगत मंदिर में पहुंचा, जहां पादुका पूजन कर धन्यता की अनुभूति की।

नागेश्वर ज्योतिर्लिंग में दर्शन की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा, "द्वारका धाम स्थित पवित्र श्री नागेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। भगवान शिव के चरणों में श्रद्धापूर्वक नमन कर देशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख और शांति के लिए प्रार्थना की। ऐसी प्रसिद्ध मान्यता है कि यह ज्योतिर्लिंग वही पवित्र स्थान है, जहां भगवान शिव ने ‘दारुक’ नामक राक्षस का संहार कर अपने भक्त को रक्षित किया था। यह शिवधाम हमें निडरता, शक्ति और भक्ति का संदेश देता है।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   12 July 2025 12:09 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story