राजनीति: वर्षा गायकवाड़ ने की नितेश राणे के इस्तीफे की मांग, बोलीं- संविधान के बारे में उन्हें नहीं कोई जानकारी

मुंबई, 19 जुलाई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और सांसद वर्षा गायकवाड़ ने राज्य सरकार में मंत्री नितेश राणे के हालिया बयानों को लेकर तीखी आलोचना की है और उनके इस्तीफे की मांग की है।
गायकवाड़ ने कहा कि नितेश राणे को न तो संविधान की समझ है और न ही धर्म का ज्ञान। उन्होंने राणे पर समाज में वैमनस्य फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके बयान सामाजिक सद्भाव को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
वर्षा गायकवाड़ ने कहा, “नितेश राणा हिंदू धर्म के ठेकेदार नहीं है। उन्हें धर्म के बारे में अध्ययन करना चाहिए। उन्हें पता होना चाहिए कि हर धर्म मानवता और सद्भावना सिखाता है। वह जिस तरह से अपने बयानों के जरिए समाज का वातावरण खराब करने की कोशिश कर रहे है, वो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं सीएम देवेंद्र फडणवीस से पूछना चाहता हूं कि क्या वह नितेश राणा के बयान का समर्थन करते है।"
उन्होंने आगे कहा कि नितेश राणा कई पार्टी बदलकर भाजपा में आए है। आप एक संवैधानिक पद पर बैठे हुए है। आपने संविधान के तहत मंत्री पद की शपथ ली है। ऐसे में आप पहले संविधान का सम्मान करना सीखिए। यह बेहद चिंताजनक है कि एक मंत्री स्तर का व्यक्ति इस तरह की टिप्पणियां कर रहा है।
वर्षा गायकवाड़ ने जोर देकर कहा कि राज्य सरकार की जिम्मेदारी सभी समुदायों के बीच एकता और समन्वय सुनिश्चित करने की होनी चाहिए। उन्होंने कहा, “महाराष्ट्र की प्रगति के लिए सभी समुदायों को साथ मिलकर चलना होगा। संविधान ने सभी को समान अधिकार दिए हैं।”
भाषा के मुद्दे पर भी गायकवाड़ ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में मराठी भाषा का सम्मान किया जाता है और हिंदी सहित अन्य भाषाओं का भी सम्मान होना चाहिए। किसी एक भाषा को थोपना गलत है और इससे कोई विवाद नहीं होना चाहिए। भाषा के नाम पर लोगों को पीटना अस्वीकार्य है। संविधान किसी को भी दूसरों पर हिंसा करने का अधिकार नहीं देता।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 July 2025 10:01 PM IST