राजनीति: कांग्रेस ने संविधान और लोकतंत्र की हत्या की विश्वास सारंग

भोपाल, 20 जुलाई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री विश्वास सारंग ने रविवार को कांग्रेस और उसके शीर्ष नेताओं पर जुबानी हमला किया। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उस बयान का खंडन किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि देश में संविधान की हत्या हो रही है। सारंग ने खड़गे पर पलटवार करते हुए कहा कि संविधान और लोकतंत्र की हत्या कांग्रेस ने की थी, किसी और ने नहीं।
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि कांग्रेस को लोकतंत्र और संविधान की बात करते हुए शर्म आनी चाहिए। 1975 में इंदिरा गांधी ने आपातकाल लगाकर लोकतंत्र को कुचल दिया था। कांग्रेस आज मुद्दा विहीन है, इसीलिए वह बेबुनियाद और भ्रामक आरोप लगा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में लोकतंत्र और संविधान को और अधिक सुदृढ़ किया है। जनता का विश्वास भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी पर है।
केरल में राहुल गांधी ने आरएसएस और सीपीएम की विचारधारा को एक जैसा बताया। इस पर मंत्री सारंग ने तल्ख टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति स्क्रिप्टेड भाषण देता हो और जिसे भारत का इतिहास न मालूम हो, वह क्या जाने कि आरएसएस क्या है? सारंग ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए सदैव कार्य किया है। राहुल गांधी की हैसियत नहीं है कि वे संघ के बारे में कुछ कहें। करोड़ों स्वयंसेवक अपना घर-परिवार छोड़कर देश की सेवा कर रहे हैं। राहुल गांधी की ऐसी टिप्पणी का जवाब देना भी समय की बर्बादी है।
रॉबर्ट वाड्रा के बाद छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल के बेटे के खिलाफ ईडी की कार्रवाई पर कांग्रेस की बदले की भावना वाले आरोपों को नकारते हुए सारंग ने कहा कि क्या नेहरू परिवार में जन्म लेने से कोई भ्रष्टाचार करने का लाइसेंस मिल जाता है? रॉबर्ट वाड्रा ने हरियाणा में किसानों की जमीन की हेराफेरी की, अब कानून अपना काम कर रहा है। चाहे वाड्रा हो या भूपेश बघेल का बेटा, जिसने भी भ्रष्टाचार किया है, उसे एजेंसियों का सामना करना होगा। कानून सबके लिए समान है। छत्तीसगढ़ की दीवारें गवाह हैं कि भूपेश बघेल के मुख्यमंत्री रहते हुए करोड़ों का भ्रष्टाचार हुआ है।
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एसआईआर के विरोध में देशभर के 35 विपक्षी नेताओं को पत्र लिखा। इस पर उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव की यह चिट्ठी उनकी हारी हुई मानसिकता को दर्शाती है। उन्हें पहले से अंदेशा हो गया है कि बिहार में एनडीए की प्रचंड बहुमत से सरकार बनने जा रही है। चुनाव आयोग एक निष्पक्ष संस्था है, जो दशकों से पारदर्शी चुनाव कराती आई है। चुनाव से पहले इस तरह का पत्र- भेजना नाच न आवे, आंगन टेढ़ा जैसा है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के विदेश दौरे को लेकर विश्वास सारंग ने कहा कि यह यात्रा राज्य के विकास और निवेश के लिहाज से बेहद सफल रही है। मुख्यमंत्री लगातार इस प्रयास में हैं कि मध्य प्रदेश में निवेश आकर्षित हो, और इस दौरे से नए आयाम स्थापित होंगे। मध्य प्रदेश अब औद्योगिक और आर्थिक क्षेत्र में भी अग्रणी बनने की ओर बढ़ रहा है, और इसमें मुख्यमंत्री का विदेश दौरा “मील का पत्थर साबित होगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   20 July 2025 2:11 PM IST