राजनीति: बिहार विधानमंडल का मानसून सत्र काफी महत्वपूर्ण विजय चौधरी

बिहार विधानमंडल का मानसून सत्र काफी महत्वपूर्ण विजय चौधरी
बिहार के मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि सोमवार से शुरू होने वाला विधानमंडल का यह सत्र काफी महत्वपूर्ण है। खासकर, वर्तमान विधानसभा का यह अंतिम सत्र है। इस सत्र के दो महीने बाद चुनाव होने वाला है।

पटना, 21 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि सोमवार से शुरू होने वाला विधानमंडल का यह सत्र काफी महत्वपूर्ण है। खासकर, वर्तमान विधानसभा का यह अंतिम सत्र है। इस सत्र के दो महीने बाद चुनाव होने वाला है।

विजय चौधरी ने कहा कि इस सत्र में कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश होंगे। इन विधेयकों से सरकार जनोपयोगी कार्य करेगी। सभी गंभीर मुद्दों को लेकर सरकार तैयार है। सरकार विपक्ष के सभी मुद्दों को लेकर जवाब देने के लिए तैयार है। कानून व्यवस्था को लेकर भी अगर विपक्ष नियम के अनुसार सवाल उठाती है, तो सरकार जवाब देगी।

उन्होंने कहा कि बिहार की जनता यह भी देख रही है कि अपराध होने के बाद पुलिस अन्य राज्यों से भी अपराधियों को पकड़कर बिहार ला रही है। अपराध की घटनाएं दुखद हैं, लेकिन कार्रवाई भी हो रही है। बिहार में बाढ़ की ताजा स्थिति पर उन्होंने कहा कि बाढ़ को लेकर सारी तैयारी हो चुकी है। एसओपी बना हुआ है, जिसे अधिकारी फॉलो करते हैं।

उन्होंने बताया कि बिहार की स्थिति की जानकारी सभी को है कि यहां मानसून में बारिश होने से बाढ़ नहीं आती है। यहां दूसरे इलाकों में बारिश होने से बाढ़ आती है। नेपाल में बारिश होगी, तो उत्तर बिहार की नदियों में उफान आएगा और झारखंड में बारिश होगी, तो दक्षिण बिहार की नदियों का जलस्तर बढ़ेगा। इस बार झारखंड में बारिश होने से राज्य में बाढ़ की स्थिति बनी है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत के जन्मदिन की बधाई देने के बहाने उपेंद्र कुशवाहा की नसीहत पर उन्होंने कहा कि इसका अर्थ वही बता सकते हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 'जस्ट असेंबल इन इंडिया' के बयान पर उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया भी हो रहा है और असेंबल इन इंडिया भी हो रहा है। असेंबल होते-होते जब टेक्नोलॉजी ट्रांसफर हो जाती है, तो वह मेक इन इंडिया हो जाता है। ये तो सामान्य औद्योगिक विकास की स्थापित प्रक्रिया है।

इधर, राजद विधायक मुकेश रौशन ने कहा कि विपक्ष मतदाता सूची पुनरीक्षण सहित कानून व्यवस्था के मुद्दों को लेकर सरकार को घेरेगी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से गरीबों का नाम काटा जा रहा है। अपराध की घटनाओं में वृद्धि हुई है, लोगों को न्याय नहीं मिल पा रहा है।

मंत्री संजय सरावगी ने कहा कि ये सभी बांग्लादेशी और रोहिंग्या को मतदाता सूची में रखना चाहते हैं। अब तो 95 प्रतिशत आंकड़े आ गए और मृतकों की भी सूची जारी हो रही है। उन्होंने कहा कि ये लोग चाहते हैं कि गलत लोग आएं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को मतदाता पुनरीक्षण का अधिकार है और वह करा रही है। उन्होंने कहा कि अपराधियों को संरक्षण देना इनका काम रहा है। पुलिस दूसरे राज्यों से अपराधियों को पकड़कर ला रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   21 July 2025 11:38 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story