राष्ट्रीय: विजय रूपाणी की पहली जयंती पर श्रद्धांजलि, राजकोट में तस्वीरों की प्रदर्शनी से जीवंत हुई यादें

राजकोट, 2 अगस्त (आईएएनएस)। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की पहली जयंती पर उनके समर्थक और राज्य की जनता ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। इस दिन पर राजकोट में विजय रूपाणी के जिंदगी की यादों को समेटे तस्वीरों की प्रदर्शनी लगाई गई। पूर्व केंद्रीय मंत्री और राजकोट के सांसद परषोत्तम रूपाला ने कहा कि हमारे साथी विजयभाई रूपाणी की पहली जयंती है। यह अत्यंत दुखद है कि आज वे हमारे बीच नहीं हैं।
इसी साल 12 जून को अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में भाजपा के दिग्गज नेता विजय रूपाणी की भी मृत्यु हुई थी। विजय रूपाणी की याद में शनिवार को प्रदर्शनी रखी गई। यह प्रदर्शनी उसी आर्ट गैलरी में आयोजित की गई है, जिसमें विजय रूपाणी का विशेष योगदान रहा। इस आर्ट गैलरी से भी उनकी कई यादें जुड़ी हुई हैं।
परषोत्तम रूपाला ने कहा, "विजय रूपाणी ने संघर्षों के बल पर राज्य के मुख्यमंत्री पद तक का सफर तय किया। उनके संपर्क में समाज के कई वर्ग और असंख्य लोग आए थे। आज उनकी अनुपस्थिति को हर कोई गहराई से महसूस कर रहा है।"
विजय रूपाणी की बेटी राधिका रूपाणी (अब राधिका मिश्रा) ने कहा कि उनके पिता का इस बार 69वां जन्मदिन था। उनकी जयंती के अवसर पर उनके जीवन की यादों को समेटे तस्वीरों की प्रदर्शनी रखी गई है। यह क्षण हमारे लिए गर्व से भरा है। प्रदर्शनी में कई भावनात्मक और यादगार तस्वीरें शामिल हैं। मैं सभी लोगों से निवेदन करती हूं कि वे आएं और इस प्रदर्शनी को देखें।
इसके अलावा, भाजपा के कई बड़े नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए विजय रूपाणी को याद किया। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 'एक्स' पर लिखा, "गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय विजय रुपाणी की जयंती पर उन्हें सादर प्रणाम।"
भाजपा की राज्यसभा सांसद संगीता यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "12 जून को एयर इंडिया की अहमदाबाद-लंदन फ्लाइट हादसे में दुखद रूप से दिवंगत गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन। आपका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।"
राज्यसभा सांसद संजय सेठ ने लिखा, "गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की जयंती पर कोटि-कोटि नमन। राज्य के विकास, सुशासन और जनकल्याण में आपके योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 Aug 2025 2:27 PM IST