राजनीति: हमारी विदेश नीति मजबूत, भारत अपने हितों से नहीं करेगा समझौता संजय उपाध्याय

मुंबई, 5 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को एक नई धमकी दी कि वे भारत पर टैरिफ में बेतहाशा वृद्धि करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत 'भारी मुनाफे' के लिए खुले बाजार में रूसी तेल बेच रहा है।
भाजपा विधायक संजय उपाध्याय ने टैरिफ मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि डोनाल्ड ट्रम्प के बयान पर भारत ने कल जो प्रतिक्रिया दी, वह नए भारत की ताकत का प्रतिबिंब है। ट्रंप की अनर्गल बातों से अगर कोई बाजार गिरता है, तो वह उनकी असफलता का प्रतीक है, भारत की नहीं। भारत का शेयर बाजार मजबूत है, निवेश बढ़ रहा है और देश अपने हितों से समझौता नहीं करेगा। रूस से सस्ता तेल खरीदना देशहित में है और यह व्यापारिक दृष्टि से भी उचित है। प्रधानमंत्री की विदेश नीति मजबूत है और अमेरिका भी भारत की सौदेबाजी को स्वीकार कर रहा है। भारत अपने हितों के लिए झुकेगा नहीं।
जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35ए हटाए जाने की छठी वर्षगांठ पर उन्होंने कहा कि एक देश में दो विधान, दो निशान और दो प्रधान नहीं चल सकते। यह भाजपा की पुरानी मांग रही है, जिसके लिए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जान की आहुति दी। जम्मू-कश्मीर में धारा 370 हटाने को लेकर भाजपा ने लंबे समय तक आंदोलन और संघर्ष किया। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में मजबूत सरकार ने जनता से किया वादा निभाया और 370 हटाई। जो कहते थे कि खून की नदियां बहेंगी, उन्हें आज के कश्मीर में आए बदलाव को देखना चाहिए। यह राष्ट्र के लिए ऐतिहासिक और साहसिक निर्णय था।
राम मंदिर भूमि पूजन की पांचवी सालगिरह पर बीजेपी विधायक संजय उपाध्याय ने कहा कि मैं अयोध्या निवासी हूं और पहले रामलला के दर्शन के लिए बंदूकों के साये में लोहे की सरियों के बीच से गुजरना पड़ता था। कुछ क्षण दर्शन के लिए भी धक्का-मुक्की सहनी पड़ती थी। एक हिंदू होने के नाते दुख होता था कि अपने ही भगवान का दर्शन करना कितना कठिन है। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने राम मंदिर का भूमि पूजन कर वह सपना पूरा किया। अब करोड़ों श्रद्धालु अयोध्या में रामलला के दर्शन कर पा रहे हैं। राम हमारे आस्था के केंद्र हैं और राहुल गांधी, अखिलेश यादव सनातन विरोधी हैं। इसलिए उन्होंने अभी तक भगवान रामलला का दर्शन नहीं किया।
सुप्रीम कोर्ट ने महाराष्ट्र में 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण के साथ स्थानीय निकाय चुनावों का रास्ता साफ किया है। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले पर संजय उपाध्याय ने कहा कि उच्च न्यायालय ने राज्य चुनाव आयोग को निर्देश दिया है कि वह चार हफ्तों के भीतर चुनाव की अधिसूचना जारी करे और पूरी चुनावी प्रक्रिया को पूरा करे।
उन्होंने आगे कहा कि लोकतंत्र में स्थानीय संस्थाएं जैसे सरपंच, नगरसेवक और महापौर की बड़ी भूमिका होती है, क्योंकि ये जनता से सीधे जुड़े होते हैं और स्थानीय समस्याएं जल्दी हल होती हैं। ओबीसी आरक्षण के कारण चुनाव रूके थे, जो अब सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद संभव हो पाएंगे। हमें उम्मीद है कि जल्द ही चुनाव होंगे। मैं इस फैसले का स्वागत करता हूं। हमारी पार्टी के कार्यकर्ता बेसब्री से नगरसेवक और महापौर के चुनाव का इंतजार कर रहे हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 Aug 2025 9:14 PM IST