राजनीति: संजय उपाध्याय का तंज, प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहे राहुल गांधी

नई दिल्ली, 12 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता और विधायक संजय उपाध्याय ने इंडी गठबंधन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर भी तंज कसा। संजय उपाध्याय ने कहा कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं।
संजय उपाध्याय ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री बनने का सपना देखने वाले राहुल गांधी ने अलग-अलग विचारधारा वाले विरोधी दलों को जोड़कर इंडी अलायंस बनाने का प्रयोग किया। देशभर के अर्बन नक्सल को एकत्रित कर 'भारत जोड़ो यात्रा' चलाई। यह गठबंधन ज्यादा समय तक नहीं टिका। दिल्ली चुनाव में भी कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) में कोई गठबंधन नहीं रहा। कांग्रेस नेताओं के भ्रष्टाचार और सत्ता के दुरुपयोग के आरोप इंडी अलायंस के मतभेद उजागर करते हैं। देश में निर्विवाद नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का है, जनता का विश्वास उन्हीं में है और आने वाले चुनावों में उनके नेतृत्व में विकास के नाम पर जीत होगी, जबकि इंडी अलायंस बिखर जाएगा।
भाजपा नेता ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तंज किया। उपाध्याय ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी का रवैया दोहरापन दिखाता है। एक ओर वह महाराष्ट्र में फर्जी वोटर के आरोप लगाते हैं, तो दूसरी ओर जब चुनाव आयोग घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन ईमानदारी से कर रहा है, तब उसका विरोध करते हैं। आखिर राहुल गांधी चाहते क्या हैं, यह देश समझना चाहता है। वह देश को गुमराह करने, अराजकता फैलाने और संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे कार्यों से विपक्ष की मानसिकता और मंशा उजागर होती है, जिसे जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।
उपाध्याय ने सुप्रीम कोर्ट के दिल्ली-एनसीआर के आवारा कुत्तों को शेल्टर होम में डालने के आदेश को स्वागतयोग्य बताया। उन्होंने कहा कि मुंबई में सोसाइटी में कुत्तों को लेकर विवाद होते हैं। कुछ लोग पशु प्रेमी हैं और सेवा करना चाहते हैं। कई बार कुत्ते लोगों को काट लेते हैं। ऐसे में लोगों में भय पैदा हो जाता है। ऐसे में जहां संख्या अधिक है, वहां कुत्तों को उठाकर शेल्टर होम में रखा जाए तो यह स्वागत योग्य है, बशर्ते उनके खाने-पीने और देखभाल की उचित व्यवस्था हो। अगर यह व्यवस्था होगी तो यह स्वागतयोग्य है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   12 Aug 2025 7:35 PM IST