राजनीति: अपराधियों को संरक्षण देने वाले हर कानून को फाड़ देना चाहिए कांग्रेस नेता अभय दुबे

पटना, 20 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्र सरकार ने संसद में तीन महत्वपूर्ण विधेयक पेश किया है, जिसके तहत आपराधिक छवि वाले व्यक्तियों को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री जैसे संवैधानिक पदों से हटाया जा सकेगा। कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया कोऑर्डिनेटर अभय दुबे ने बुधवार को कहा कि अपराधियों को संरक्षण देने वाले हर कानून को फाड़ देना चाहिए।
कांग्रेस नेता अभय दुबे ने कहा, "यह स्वाभाविक है। राहुल गांधी हमेशा से इसकी वकालत करते रहे हैं। कुछ लोग उनकी आलोचना करते थे, लेकिन अपराधियों को संरक्षण देने वाले हर कानून को फाड़ देना चाहिए। हम बिल का मूल स्वरूप देखने के बाद अपनी राय स्पष्ट करेंगे।"
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान हुए हमले की दुबे ने कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा, "यह घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। गृह मंत्री अमित शाह को कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी लेनी चाहिए और दोषियों पर कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। ऐसी घटनाएं बिल्कुल अस्वीकार्य हैं।"
उन्होंने केंद्र सरकार से इस मामले में त्वरित और सख्त कदम उठाने की मांग की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी 22 अगस्त को बिहार के गयाजी में प्रस्तावित यात्रा पर भी दुबे ने तंज कसा। उन्होंने कहा, "2015 में पर्यावरण चेतना सम्मेलन में आए थे, लेकिन अब विश्वविद्यालय के लिए सैकड़ों पेड़ काट दिए गए। यह कैसी पर्यावरण चेतना है? बोधगया को आध्यात्मिक राजधानी बनाने का वादा किया था, उसका क्या हुआ? बिहार की जनता पूछ रही है कि सवा लाख करोड़ के पैकेज का क्या हुआ? 50 यात्राओं में बिहार को क्या मिला? प्रवेश और भर्ती परीक्षा घोटाले, 70 हजार करोड़ रुपए का घोटाला, और बिहार को केवल एसआईआर का दंश मिला।”
कांग्रेस नेता ने केंद्र और बिहार सरकार पर विकास के वादों को पूरा न करने का आरोप लगाया और जनता से सवालों के जवाब मांगने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब जागरूक है और सरकार को जवाब देना होगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   20 Aug 2025 3:06 PM IST